– एयरपोर्ट निर्माण से प्रभावित परिवारों के लिए जेवर बांगर में आरआर साइट के नाम से डेवलप की जा रही है हाईटेक टाउनशिप
उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट निर्माण से प्रभावित परिवारों के लिए विकसित की जा रही हाईटेक टाउनशिप में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पूरी निगरानी रखी जा रही है। जेवर बांगर में विकसित की जा रही आरआर साइट टाउनशिप में काम को लेकर लापरवाही बरतने पर ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी गई है। जहां पर काम मानक के अनुरूप नहीं मिला उसे तत्काल तोड़ने का आदेश दिया गया। नालियों में रूकावट ना रहे इसको लेकर विशेष सर्तकता बरतने का निर्देश दिया गया है।
बीते दिनों यमुना प्राधिकरण के प्रबंधक परियोजना ने आरआर साइट का निरीक्षण किया था और निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों को लेकर कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिया था। दिशा निर्देशों पर किस तरह से अमल हो रहा है यह जानने और काम की गुणवत्त को परखने के लिए डीजीएम एके सिंह ने आरआर साइट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में कई खामियां मिली। आरसीसी बाउंड्री वाल के पास मानक के अनुरूप काम नहीं कराया गया। जहां पर बाउंड्रीवाल में खामियां मिली उसे तुड़वाकर फिर से निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया गया।
दरअसल महाप्रबंधक परियोजना ने अपने निरीक्षण के दौरान सभी बाउंड्रीवाल के पास 2 मीटर छोड़ते हुए मिट्टी भराई कराने का निर्देश दिया था। जिससे कि मिट्टी का कॉम्पेक्शन लेयर वाइज हो और अचानक मिट्टी का लोड बाउंड्रीवाल पर ना पड़े। लेकिन आरआर साइट के रोही गांव पाकेट जी में एक हिस्से में निर्देशों की अनदेखी कर अधिक मिट्टी भराई कर दी गई। अधिक मिट्टी भराई और तेज बारिश के कारण मिट्टी का दवाब बढ़ गया जिससे बाउंड्रीवाल के उपर के हिस्से में झुकाव आ गया। निरीक्षण के दौरान डीजीएम एके सिंह ने निर्देशों का अनुपालन नहीं किये जाने को लेकर नाराजगी जताई। डीजीएम ने तत्काल 2 मीटर की गहराई तक मिट्टी खाली कराने और बाउंड्रीवाल के क्षतिग्रस्त और संभावित क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़ने को कहा। डीजीएम ने मिट्टी का कॉम्पेक्शन कराने के बाद ही काम कराने का निर्देश दिया। जहां भी अधिक मिट्टी पड़ी हुई है वहां मिट्टी हटवाने को कहा। निर्देशों की अवहेलना करने को लेकर सख्त चेतावनी जारी की गई है। कई जगहों पर नालियों में मलबा और ईट डालकर उसे अवरूद्ध कर दिया गया था। इसे हटवाने और भविष्य में नालियों में रूकावट ना पैदा की जाये इसको लेकर भी चेतावनी दी गई।
















