-आईएएस करुणेश को सीईओ का प्रभार, नोएडा विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद
-गाजियाबाद और गोरखपुर में सफल कार्यकाल, अब नोएडा में विकास परियोजनाओं को गति देने की तैयारी
-जनहित व प्रशासनिक दक्षता में अनुभव के चलते अधिकारी अफसरशाही और जनता के बीच लोकप्रिय
विजय मिश्रा (उदय भूमि संवाददाता)
नोएडा। आईएएस कृष्णा करुणेश को नोएडा अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में वह नोएडा अथॉरिटी में बतौर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) तैनात हैं। शासन के इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है, क्योंकि करुणेश अपने तेज़ निर्णयों और प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
कृष्णा करुणेश 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें प्रशासनिक अनुभव का लंबा दायरा हासिल है। वह गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष (वीसी) के साथ-साथ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। गाजियाबाद में उनके कार्यकाल के दौरान कई अहम विकास परियोजनाओं को गति मिली और लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आई। उनकी कार्यशैली को लेकर यह माना जाता है कि वह जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझकर त्वरित और व्यावहारिक निर्णय लेते हैं। इसके अलावा करुणेश गोरखपुर के जिलाधिकारी (डीएम) भी रह चुके हैं। डीएम के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। आम जनता के बीच उनकी छवि एक सुलझे हुए और संवेदनशील प्रशासक की रही है, जो अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करना जानते हैं।
नोएडा अथॉरिटी में एसीईओ के रूप में कार्य करते हुए भी करुणेश कई अहम परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं। शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, औद्योगिक निवेश, आवासीय योजनाओं और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई है। अब सीईओ का प्रभार मिलने के बाद उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह नोएडा की बड़ी परियोजनाओं को और तेजी से आगे बढ़ाएंगे। नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में सीईओ की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। यहां औद्योगिक विकास, रियल एस्टेट, ट्रैफिक, जलापूर्ति, सीवरेज और स्मार्ट सिटी से जुड़ी कई बड़ी चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे में करुणेश के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से इन चुनौतियों से निपटने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अफसरशाही और राजनीतिक गलियारों में कृष्णा करुणेश को तेज-तर्रार, निर्णयक्षम और परिणामोन्मुखी अधिकारी के रूप में जाना जाता है। समय पर फैसले लेना और योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी पहचान रही है। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ का प्रभार मिलने के बाद यह माना जा रहा है कि शहर के विकास कार्यों को नई दिशा और रफ्तार मिलेगी। वह फाइलों को लंबित रखने के बजाय समयबद्ध निर्णय लेने में विश्वास रखते हैं। योजनाओं की नियमित समीक्षा, जमीनी स्तर पर निरीक्षण और अधिकारियों से सीधे संवाद उनकी कार्यप्रणाली की पहचान है। जटिल समस्याओं को सरल समाधान के साथ हल करना उनकी खासियत रही है। वह टीमवर्क पर जोर देते हैं और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। विकास परियोजनाओं को गति देना और तय समय सीमा में पूरा कराना उनकी प्राथमिकता रहती है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में प्रभावशीलता और भरोसा बढ़ता है।
















