-2.6 किलोमीटर लंबे मेट्रो ट्रैक के निर्माण पर खर्च होंगे 300 करोड़ जुनपत व बोड़ाकी दो नये स्टेशन बनेंगे, डीपीआर तैयार
उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मेट्रो का और विस्तार किया जाएगा। नोएडा के सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन तक चलने वाली मेट्रो को बोड़ाकी तक जाएगी। मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार हो गई है और जल्द इसे डीएमआरसी को भेजा जाएगा। लगभग 2.6 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर दो और मेट्रो स्टेशन होंगे और इसके निर्माण पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शुक्रवार को लखनऊ में हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 127वीं बोर्ड बैठक में मेट्रो विस्तार के अलावा कई और प्रोजेक्ट को हरी झड़ी दी गई। नॉलेज पार्क-3 के पास हिंडन नदी पर निमार्णाधीन पुल की बाधाएं दूर करते हुए नोएडा प्राधिकरण द्वारा जमीन अधिग्रहीत कर देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।

अपर मुख्य सचिव एवं प्राधिकरण के चेयरमैन अरविन्द कुमार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ सुरेंद्र सिंह, नोएडा प्राधिकरण की सीईओ ऋतु माहेश्वरी, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह, ग्रेटर प्राधिकरण के एसीईओ दीप चंद्र, अमनदीप डुली और प्रेरणा शर्मा मौजूद रहे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अन्य अधिकारी आॅन लाइन बोर्ड बैठक से जुड़े रहे। प्राधिकरण की एसीईओ अदिति सिंह, ओएसडी सौम्य श्रीवास्तव, ओएसडी संतोष कुमार, जीएम प्रॉपर्टी आरके देव, प्रभारी जीएम प्रोजेक्ट सलिल यादव, ओएसडी नवीन कुमार सिंह, ओएसडी मयंक श्रीवास्तव, ओएसडी आरएस यादव सहित अन्य अधिकारी ऑनलाइन मौजूद रहे।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन तक आती है। यहां से मेट्रो को बोड़ाकी तक ले जाना है। बोड़ाकी में मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनना है। इसी हब तक यह मेट्रो जाएगी। इसकी डीपीआर तैयार हो गई है। करीब 2.6 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर दो स्टेशन होंगे। इसमें जुनपत व बोड़ाकी में स्टेशन होंगे। यह ट्रैक एलिवेटेड होगा। बोर्ड ने इस पर मुहर लगा दी। अब एनएमआरसी इस मेट्रो ट्रैक के निर्माण के लिए एजेंसी का चयन करेगी। वहीं, नोएडा के सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के लिए कास्टिंग यार्ड की जगह सेक्टर दो के पास चिंहित कर ली गई है। एनएमआरसी को इसकी सूचना दे दी गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 127वीं बोर्ड बैठक में बोड़ाकी मेट्रो का भी प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसके अनुसार डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक करीब 2.6 किलोमीटर लंबे मेट्रो ट्रैक की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट एनएमआरसी से प्राप्त हो गई है। प्राधिकरण के संबंधित विभागों ने इसका परीक्षण भी कर लिया है। इसे शीघ्र ही एनएमआरसी को भेजा जाएगा। एनएमआरसी ही इस मेट्रो ट्रैक के निर्माण के लिए एजेंसी का चयन करेगी और इस प्रोजेक्ट को पूरा कराएगी। डिपो से बोड़ाकी तक दो मेट्रो स्टेशन जुनपत व बोड़ाकी होंगे। यह ट्रैक भी एलिवेटेड होगा। वहीं, नोएडा के सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के लिए कास्टिंग यार्ड की जगह सेक्टर दो के पास चिंहित कर ली गई है। एनएमआरसी को इसकी सूचना दे दी गई है। प्राधिकरण की तरफ से यह जानकारी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गई है।
कंप्रिहेंसिंव मोबिलिटी प्लान की फाइनल रिपोर्ट जल्द
भविष्य में ट्रैफिक दबाव से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अभी से तैयारी में जुट गया है। प्राधिकरण पूरे शहर का कंप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान तैयार करा रहा है। इसकी जिम्मेदारी मैसर्स राइट्स को दी गई है। राइट्स ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट पहले ही सबमिट कर दी है। ट्रैफिक पुलिस से प्राप्त सुझावों को शामिल करते हुए अंतिम रिपोर्ट बहुत जल्द प्रस्तुत करेगी। उसके आधार पर ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक से निपटने का शॉर्ट टर्म व लॉन्ग टर्म प्लान पर काम होगा। इस आशय की रिपोर्ट प्राधिकरण बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गई।
बरातघर, खेल का मैदान, विक्रेता बाजार व सामुदायिक केंद्रों पर लगी मुहर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जमीन की उपलब्धता के आधार पर अधिकांश गांवों में बरातघर व खेल का मैदान बनाना चाह रहा है। चुहड़पुर, सिरसा, डाढ़ा व रोशनपुर में बरातघर व खेल के मैदानों का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। साथ ही बादलपुर, धूममानिक पुर, सैनी, खोदना खुर्द, जलपुरा, पतवाड़ी, एमनाबाद, खेड़ा चौगानपुर, हल्दौनी, हबीबपुर समेत कई गांवों के भी डिजाइन तैयार हो गए हैं। परियोजना विभाग शीघ्र ही इन पर काम शुरू करेगा। ग्रेटर नोएडा के स्वर्णनगरी, सिग्मा फोर, ईटा वन, नॉलेज पार्क टू, ईकोटेक वन, ईकोटेक 9, आदि सेक्टरों में सामुदायिक केंद्र बनाने के लिए मानचित्र तैयार हो गया है। इन पर भी जल्द काम शुरू होंगे। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा टू, बीटा वन व टू, डेल्टा वन, टू व थ्री, सेक्टर-36, ओमीक्रॉन वन ए, टू व थ्री, गामा वन व टू, सिग्मा वन व टू, ज्यू वन, टू व थ्री, पाई वन व टू, ईटा टू, सेक्टर म्यू में विक्रेता बाजार के प्लान बन चुके हैं। इन पर शीघ्र ही काम शुरू होंगे।
















