ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) की आधारशिला रखे जाने में अब कुछ दिन का समय शेष है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 नवम्बर को संयुक्त रूप से नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इस वीवीआईपी कार्यक्रम की तैयारियां भी जोर-शोर पर चल रही हैं। तैयारियों में कोई चूक न रह जाए इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जनसभा स्थल को समतल करने का काम भी आरंभ कर दिया गया है। पंडाल बनाने के लिए पिलर भी पहुंच गए हैं। जनसभा स्थल पर डेढ़ लाख नागरिकों के आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखकर तैयारियां चल रही हैं। नोएडा इंटरनेशन एयरपोर्ट (जेवर) के शिलान्यास कार्यक्रम के साथ एयरपोर्ट साइट पर जनसभा होनी है।
साइट को समतलीकरण करने का काम
जनसभा में डेढ़ लाख नागरिकों के पहुंचने का संभावना को ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रही हैं। रोही गांव की जमीन पर यह कार्यक्रम होना है। यह स्थान जेवर झाझर मार्ग के पूर्व में है। जबकि इसके पश्चिम में हेलीपैड बनाया जाएगा। एयरपोर्ट साइट पर समतलीकरण का काम आरंभ हो गया है। मशीनें कार्यक्रम स्थल को समतल करने में जुट गई हैं। इसके अलावा जनसभा पंडाल के लिए पिलर पहुंचने लगे हैं। वहां जापानी पिलर का इस्तेमाल होगा। ये पिलर अपेक्षाकृत हल्के और अधिक मजबूत होते हैं। दिल्ली से यह पिलर ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं। पंडाल की चौड़ाई करीब ढाई सौ मीटर होगी। बता दें कि इस आयोजन को लेकर सुरक्षा प्लान भी तैयार हो रहा है। एसपीजी की टीम ने गुरुवार को शिलान्यास एवं जनसभा स्थल का निरीक्षण किया था। टीम ने स्थानीय पुलिस को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। अब उसी के अनुरूप कार्य होगा।
यादगार रहे कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों ने संभाली कमान
शिलान्यास समारोह को यादगार बनाने के लिए भी प्रयास चल रहे हैं। इसके चलते जनप्रतिनिधियों ने कमान संभाल ली है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने गांव-गांव में जन-संपर्क शुरू कर दिया है। वह नागरिकों से इस कार्यक्रम में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। जेवर विधायक ने शुक्रवार को मकसूदपुर गांव में किसानों के साथ चर्चा की। उन्होंने किसानों से कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक बनाया जाना है। इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। यह परियोजना जेवर क्षेत्र की सूरत बदल देगी। इस मौके पर सुधीर त्यागी, डॉ. चंद्रपाल सिंह, सुशील शर्मा, देवकीनंदन त्यागी, सुरेंद्र त्यागी, धर्मेंद्र सिवाच, रवि पंडित, देवदत्त शर्मा, योगेंद्र त्यागी, देशराज, चौधरी विजेंद्र सिंह, सोनू चौधरी, हरीश शर्मा, सुनील ठाकुर आदि मौजूद थे।
इवेंट एजेंसी के साथ विचार-विमर्श
नोएडा एयरपोर्ट के शिलान्यास समारोह का जिम्मा संभालने वाली इवेंट एजेंसी के साथ शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। कंपनी ने कार्यक्रम का प्लान तैयार कर प्रेजेंटेशन दिया। हालांकि अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। ब्रिज क्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट कंपनी को इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई मंत्री आएंगे। इस कार्यक्रम को लेकर इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने योजना तैयार कर ली है। जनसभा स्थल में वीवीआईपी, अधिकारी व आम जनता पहुंचेगी। ये लोग सभा स्थल तक किस तरह पहुंचेंगे, कंपनी ने इसका प्रस्तुतिकरण दिया। इसमें अलग-अलग द्वार, बैठने का स्थान, पार्किंग, जन-सुविधाएं आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने कंपनी को कई सुझाव दिए हैं। अब कंपनी इन सुझावों को सम्मिलित कर अंतिम प्लान तैयार करेगी।
















