हेरिटेज सिटी : यमुना प्राधिकरण में ड्राफ्ट का प्रजेंटेशन

पार्किंग का प्रबंध करने का सुझाव दिया गया

ग्रेटर नोएडा। योगी सरकार के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हेरिटेज सिटी के लिए सकारात्मक प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में यमुना प्राधिकरण में सीबीआरई कंपनी ने मंगलवार को ड्राफ्ट रिपोर्ट का प्रस्तुतिकरण (प्रजेंटेशन) दिया। इस बीच प्राधिकरण की तरफ से कुछ सुझाव भी दिए गए। जिन्हें ड्राफ्ट में शामिल किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे मथुरा के राया में हेरिटेज सिटी को विकसित किया जाना है। इसके लिए ड्राफ्ट रिपोर्ट बनाने का जिम्मा सीबीआरई कंपनी को सौंपा गया था। इस कंपनी ने ड्राफ्ट रिपोर्ट का प्रजेंटेशन दिया। इस पर प्राधिकरण ने परियोजना में पार्किंग का प्रबंध करने का सुझाव दिया। रीवर फ्रंट को विकसित करने से पहले सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की बाबत पूछा जाए। अब संशोधनों को जोड़कर कंपनी जल्द फाइनल डीपीआर सौंप देगी। कंपनी ने यमुना प्राधिकरण को ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंप दी है। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने ड्राफ्ट का प्रजेंटेशन दिया। प्रजेंटेशन में बताया गया कि किस तरह से इस सिटी को विकसित किया जाएगा। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस परियोजना में पार्किंग का इंतजाम करने का सुझाव दिया गया है। ड्राफ्ट रिपोर्ट में पार्किंग का जिक्र नहीं है। इसके अलावा रिवर फ्रंट विकसित करने से पहले सिंचाई विभाग से अनुमति लेनी होगी। रिपोर्ट फाइनल करने से पहले सिंचाई विभाग से इस पर बात करनी होगी। इसके अलावा कई और सुझाव दिए गए हैं। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि कंपनी को बताया गया है कि वह सभी संशोधनों को जोड़कर जल्द डीपीआर सौंप दे।