नोएडा। शहर में उपलब्ध सुविधाओं को दुरूस्त कराने के लिए Noida Authority की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी निरंतर कार्रवाई कर रही हैं। इसके मद्देनजर वह स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं को दूर करने की कोशिश में जुटी हैं। इसी क्रम में सीईओ ने शुक्रवार को विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण किया। वहां साफ-सफाई समुचित न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। मातहतों को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर कुछ नागरिकों ने सार्वजनिक शौचालयों के संबंध में शिकायत की थी। इन शौचालयों में ताले लगने और सफाई व्यवस्था खराब होने की शिकायत की गई थी। अव्यवस्था के कारण शौचालयों का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था। इस पर संज्ञान लेकर Noida Authority की सीईओ रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था बेहतर न मिलने पर वह खफा हो गई। कुछ स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बंद मिले। ऐसे में सीईओ ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह शौचालयों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और किसी भी शौचालय को बंद न किया जाए। इसमें यदि कोई कर्मचारी लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीईओ के इस कदम से नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि Noida Authority की सीईओ ने गुरुवार को विभिन्न पार्कों का निरीक्षण किया था। पार्कों की दशा में सुधार न मिलने पर 3 ठेकेदारों पर जुर्माना किया गया था। शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के साथ-साथ हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में काम चल रहा है।
















