ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में मचा हड़कंप
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शनिवार को लिफ्ट खराब होने से बड़ा हादसा टल गया। लिफ्ट में गर्भवती महिला अपने पति के साथ करीब 50 मिनट तक फंसी रही। इससे सोसाइटी परिसर में एकाएक हड़कंप मच गया। बाद में दंपति को जैसे-तैसे सुरक्षित निकाला गया। इस संबंध में बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की गई है। आरोप है कि लिफ्ट के रख-रखाव पर प्रबंधन का ध्यान नहीं है।
जानकारी के अनुसार प्रिस्टीन एवेन्यू के डी टावर फ्लैट संख्या-1403 में पंकज गुप्ता सपरिवार रहते हैं। पेशे से बैंक मैनेजर पंकज शनिवार अपनी गर्भवती पत्नी अंकिता को अस्पताल लेकर गए थे। वहां से लौटने के बाद वह फ्लैट में जाने के लिए पत्नी के साथ लिफ्ट में सवार हो गए, मगर लिफ्ट माइनस टू से ग्राउंड फ्लोर के बीच में अचानक रूक गई। दंपति ने लिफ्ट में लगे आपातकालीन बटन का प्रयोग कर रख-रखाव प्रबंधन को जानकारी देने का प्रयास किया मगर, बटनों ने काम नहीं किया। तदुपरांत मोबाइल से लिफ्ट में फंसे होने की सूचना अपने परिजनों व दोस्तों को दी। सोसायटी के व्हाट्स-अप ग्रुप पर भी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर रेजीडेंट्स के साथ रख-रखाव प्रबंधन के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। रख-रखाव प्रबंधन की टीम में कोई लिफ्ट टेक्नीशियन नहीं था। करीब 50 मिनट की मशक्कत के बाद दंपति को बाहर निकाला जा सका। लिफ्ट में फंसे रहने के दौरान महिला का रो-रोकर बुरा हाल था। दम घुटने की वजह से तबीयत भी बिगड़ने लगी थी। घटना के बाद से सोसायटी के रेजीडेंट्स में आक्रोश है। आरोप है कि लिफ्ट के रख-रखाव में लापरवाही बरती जा रही है। इसका खामियाजा रेजीडेंट्स को भुगतना पड़ रहा है।
















