लॉजिस्टक हब विकसित करने की तैयारियां तेज

टप्पल में बसेगा नया औद्योगिक शहर, डीपीआर
के लिए इंग्लैंड की कंपनी डिलायट का चयन

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे टप्पल में लॉजिस्टक हब (नया औद्योगिक शहर) विकसित करने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। निकट भविष्य में टप्पल की पहचान लॉजिस्टिक हब के रूप में होगी। इससे वहां का समुचित विकास होने के अलावा रोजगार के साधन भी बढ़ सकेंगे। प्रस्तावित लॉजिस्टक हब की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) का जिम्मा इंग्लैंड की कंपनी डिलायट संभालेगी। यमुना विकास प्राधिकरण ने डीपीआर के लिए डिलायट कंपनी का चयन किया है। यह कंपनी 2 माह के भीतर रिपोर्ट देगी। इस नए औद्योगिक शहर के मास्टर प्लान को उत्तर प्रदेश सरकार से काफी पहले मंजूरी मिल चुकी है। यमुना विकास प्राधिकरण की टप्पल-बाजना में लॉजिस्टिक हब विकसित करने की योजना है। यह नया शहर करीब 11104 हेक्टेयर में बसाया जाएगा। इसके मास्टर प्लान को प्रदेश सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। यह क्षेत्र भी जेवर एयरपोर्ट के पास है। यमुना प्राधिकरण ने इस शहर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाने के लिए आरएफपी निकाला था। प्राधिकरण ने शुक्रवार को डीपीआर बनाने के लिए कंपनी का चयन कर लिया। इसकी डीपीआर बनाने हेतु डिलायट, क्रिशिल, पुशमैन, केपीएमजी व ली एसोसिएट अंतिम चरण में पहुंची थीं। यमुना प्राधिकरण ने इंग्लैंड की कंपनी डिलायट का चयन किया है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 2 माह में कंपनी डीपीआर सौंप देगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर को 11104 हेक्टेयर में बसाया जाएगा। इसमें 1794.4 हेक्टेयर उद्योगों और 1608.3 हेक्टेयर मिश्रिम भू उपयोग के लिए आरक्षित रहेगा। इसमें मुख्य गतिविधि लॉजिस्टिक एवं वेयर हाउसिंग कलस्टर की रहेगी। जेवर एयरपोर्ट के नजदीक होने से लॉजिस्टिक एवं वेयर हाउसिंग के लिए यह क्षेत्र मुफीद रहेगा। इस शहर में 35 सेक्टर होंगे।