नोएडा प्राधिकरण का बदला रूख, ईओआई निरस्त
नोएडा। अंतिम निवास (मोक्ष स्थली) के संचालन की कमान फिलहाल नए हाथों में नहीं जाएगी। लोक मंच संस्था यह जिम्मा आगे भी निभाती रहेगी। नोएडा प्राधिकरण ने इस प्रकरण में अपना इरादा एकाएक बदल दिया है। अंतिम निवास के संचालन की जिम्मेदारी एजेंसी को सौंपने के लिए जारी एक्सप्रेस ऑफ इंट्रेस्ट (ईओआई) को निरस्त कर दिया गया है। बदले घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। नोएडा सेक्टर-94 में अंतिम निवास (मोक्ष स्थली) है। पिछले लगभग 2 दशक से अंतिम निवास के देख-रेख का दायित्व लोकमंच संस्था संभाल रही है। वहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया इस संस्था की निगरानी में पूर्ण होती है। नोएडा प्राधिकरण ने इस संस्था को लिखित में यह जिम्मेदारी सौंप रखी है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में अंतिम निवास में कोताही बरते जाने की शिकायतें नोएडा प्राधिकरण को मिली थीं। अप्रैल और मई में कोरोना की दूसरी लहर ने नोएडा में भी खूब कहर बरपाया था। शिकायतों पर संज्ञान लेकर प्राधिकरण ने अंतिम निवास के संचालन के लिए 10 जून को ईओआई जारी कर एजेंसियों से आवेदन मांगे थे। एजेंसियों को 24 जून तक आवेदन करने थे। इस बीच नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को अचानक अपना निर्णय बदल दिया। विभाग ने विज्ञापन जारी कर कहा कि अपरिहार्य कारणों से इस ईओआई को निरस्त किया जाता है। ऐसे में अंतिम निवास का संचालन अभी लोकमंच संस्था करती रहेगी। बताया गया है कि ईओआई में जो शर्तें एजेंसी के चयन के लिए जारी हुई थीं, उसमें कुछ बदलाव कर नए सिरे से लोकमंच संस्था को अंतिम निवास के संचालन की जिम्मेदारी सुचारू रखी जाएगी। नोएडा प्राधिकरण के बदले रूख का कारण साफ नहीं हो पाया है। हालाकि चर्चाओं का बाजार गरम है।















