दुखद : यमुना एक्सप्रेस-वे पर फिर भीषण हादसा

खराब ट्रक से भिड़ी कार, 3 नागरिकों की मौत

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को अलसुबह सड़क हादसे में 3 नागरिकों की जान चली गई। जबकि 2 अन्य घायल हो गए। घायलों की हालत चिंताजनक है। सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार की भिड़ंत होने से यह हादसा हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान संतोष कुमार (40), ऊषा देवी (50) और सतपाल सिंह (30) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि तड़के करीब 5 बजे सोनू, उसके पिता प्रताप सिंह, मां ऊषा देवी, उसके मामा संतोष कुमार और सतपाल सिंह कार में सवार होकर जनपद औरैया के बिधूना से यमुना एक्सप्रेस- वे के रास्ते दिल्ली जा रहे थे। इस बीच बीटा-2 थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से कार अचानक भिड़ गई। इस घटना में पांचों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने संतोष, ऊषा देवी तथा सतपाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू तथा प्रताप की हालत चिंताजनक है। पीड़ित परिवार दिल्ली के मोहन गार्डन उत्तम नगर का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि मामले की अग्रिम जांच की जा रही है।