उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस, सीएम आज आएंगे नोएडा

पीएम, रक्षा मंत्री और गृह मंत्री ने जनता को बधाई दी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश का आज स्थापना दिवस है। इसके मद्देनजर 24 से 26 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ के साथ-साथ इस बार नोएडा में भी उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान शुभकामना संदेश दिए हैं। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा विभिन्न शहरों में कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर में भी इस बार यूपी की स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को नोएडा पहुंचेंगे। वह नोएडा सेक्टर-33 में शिल्प हाट में यूपी दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहां राज्य के सभी 75 जिलों के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। एक जिला एक उत्पाद योजना को भी दर्शाया गया है। इसके अलावा अयोध्या नगरी व ताजमहल को दिखाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश दिवस की बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं। त्याग, तप, परंपरा और संस्कृति की पावन भूमि रहा यह राज्य आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि चौतरफा विकास की तरफ अग्रसर यह प्रदेश यूं ही नई ऊंचाइयों को छूता रहे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी भाइयों व बहनों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की जोड़ी संस्कृति, अध्यात्म और धर्म की पावन भूमि उत्तर प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण हेतु सेवाभाव से निरंतर काम कर रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बधाई दी है।