यमुना एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी

हादसे में 6 यात्री घायल, 3 की हालत नाजुक

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाएं रूक नहीं पाई हैं। एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक दनकौर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर यह हादसा प्रकाश में आया है। पुलिस का कहना है कि डबल डेकर बस फर्रुखाबाद से गुरुग्राम की तरफ जा रही थी। इस बीच दनकौर में यमुना एक्सप्रेस-वे पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। नतीजन अनियंत्रित होकर बस पलट गई। ऐसे में यात्रियों ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे में आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस का कहना है कि हरी राम (45), गोपी (22) व अमन (19) को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत नाजुक है। 3 अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई है। पुलिस ने क्रेन की सहायता से बस को सड़क से हटाया। तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। बता दें कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पहले भीषण सड़क हादसे के बाद यमुना विकास प्राधिकरण ने निजी कंपनी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। एक्सप्रेस-वे पर अक्सर तेज गति और खराब वाहन से अन्य वाहन टकराने के कारण हादसे होते रहते हैं।