बिहार : राजद ने खोले पत्ते, उम्मीदवारों का ऐलान

जारी की लिस्ट, जेडीयू ने प्रत्याशियों को बांटे सिंबल

पटना। बिहार में आसन्न विधान सभा चुनाव के मद्देनजर विभिन्न राजनीतिक दलों के पत्ते खुलने शुरू हो गए हैं। इंतजार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। उधर, जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) ने उम्मीदवारों को सिंबल देने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर हैं। पहले चरण का मतदान 28 अक्तूबर को होना है। चुनाव मैदान में जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) व कांग्रेस इत्यादि दल अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सत्ता में फिलहाल जेडीयू है। उधर, राजद ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। राजद ने बोधगया सीट से सर्वजीत कुमार, भोजपुर के जगदीशपुर सीट से रामविशुन लोहिया, रोहतास जिले की नोखा सीट से अनीता देवी, जमुई सीट से विजय प्रकाश, रामगढ़ सीट से पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर कुमार सिंह, बेलहर से रामदेव यादव, झाझा से राजेंद्र यादव, मखदुमपुर से सूबेदार दास, चकाई से सावित्री देवी, भोजपुर की शाहपुर सीट से राहुल तिवारी, जहानाबाद सीट से सुदय यादव को उम्मीदवार बनाया है। नवीनगर से डब्लू सिंह, बेला से सुरेंद्र यादव को टिकट दिया है। वहीं, नवादा से राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट मिलने की खबर है। उधर, जदयू ने सूर्यगढ़ा से रामानंद, अगियांव से प्रभु राम, करहगर से वशिष्ठ सिंह, जगदीशपुर से सुशम लता कुशवाहा, झाझा से दामोदर रावत, मोकामा से राजीव लोचन, बरबीघा से सुदर्शन, चकाई से संजय प्रसाद, घोसी से राहुल कुमार, बेलहर से मनोज यादव, जहानाबाद से कृष्णनंद वर्मा, मसौढ़ी से नूतन पासवान, रफीगंज से अशोक कुमार सिंह, अमरपुर से जयंत राय, दिनारा से जय कुमार सिंह को सिंबल दिया है। बता दें कि विधान सभा चुनाव से पहले जेडीयू और लोजपा के बीच आपसी मतभेद उभर कर सामने आ गए हैं। ऐसे में लोजपा ने जेडीयू से किनारा कर लिया है।