कोरोना संक्रमण पर रोक के साथ विकास कार्यो में भी लाए गति: मुख्यमंत्री

-जनपद के 10 से 50 करोड़ की परियोजना की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

उदय भूमि ब्यूरो
हापुड। मंडलीय समीक्षा के दौैरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यो को लेकर अधिकारियों के साथ विडियों काफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को विकास कार्यो में गति लाने के निर्देश दिए। हापुड में हो रहे 10 करोड़ से 50 करोड़ की परियोजना तथा खाद की उपलब्धता एवं कोविड-19 की रोकथाम को लेकर अधिकारियों के समीक्षा की। जिलाधिकारी ने जिले में हो रहे विकास कार्यो की जानकारी दी तो वहीं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। शुक्रवार शाम को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने सांसद, विधायकों से निर्माणाधीन विकास परियोजना की प्रगति का फीड बैक लिया। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि मनरेगा में लक्ष्य से अधिक 101 प्रतिशत कार्य हुआ है। ऊर्जा निगम और सहकारिता विभाग की वसूली से जनपद ने हापुड़ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
कोविड-19 को लेकर शासन की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। पर्याप्त मात्रा में बैड, दवाईयां आदि उपलब्ध हैं। मरीजों को बेहतर सुविधा दिलाई जा रही है। डोर टू डोर टीम द्वारा जांच कराई जा रही है। रोगियों के मृत्यु दर में कमी आई है। जबकि स्वस्थ्य होने वाले रोगी 84 प्रतिशत हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा किया गया है। हापुड़ में नवनिर्मित कलेक्ट्रेट भवन में अधिकारियों द्वारा सुचारू रूप से शासकीय कार्य सम्पन्न किए जा रहे हैं। विकास भवन में 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और विभिन्न विभागों के अधिकारी वहां क्षेत्र के लोगों की समस्या और शासकीय कार्य को शासन की मंशा के अनुरुप पूर्ण कर रहे हैं। गढ़मुक्तेश्वर ब्रजघाट में समेकित विकास कार्य किए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में लोक निर्माण द्वारा सड़कों का चौड़ीकरण व विशेष मरम्मत के साथ नवीनीकरण कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि घर घर नल योजना के अंतर्गत 273 ग्राम पंचायतों में पाइप लाइन द्वारा पेयजल की आपूर्ति कराई जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में ग्राम पंचायतों कूड़े कचरे तथा दूषित जल के उचित निस्तारण के लिए 741 सोख्ता गड्ढों एवं 311 कंपोस्ट फिट का निर्माण कार्य कराया गया है। हापुड़ पूर्व में ही ओडीएफ घोषित किया जा चुका है। कोविड 19 को ध्यान में रखते हुए व संचारी रोगों की रोकथाम हेतू पूरे जनपद में दो पालियों में कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि कारागार निर्माण के लिए चयनित भूमि का शासन स्तर से अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। भूमि क्रय करने के लिए कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग से 61.49 करोड़ रुपये की धनराशि वांछित है। बैठक में सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने मांग की कि दोयमी धनौरा मार्ग, बीबीनगर-बछलौता मार्ग बनवाई जाए। हापुड़ के मोहल्ला भीम नगर में प्राथमिक विद्यालय बनवाया जाए। क्षेत्रीय सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने हापुड़-मेरठ सीमा पर धीरखेड़ा स्थित औद्योगिक क्षेत्र को हापुड़ जनपद में शामिल और उद्यमियों को बेहतर सुविधा दिलाए जाने का अनुरोध किया। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर को चालू कराने के लिए भी कहा। बैठक में राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम ने गढ़ रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे नाले को ढकने और जिले में औद्योगिक क्षेत्र की मांग की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिग में मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह, अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव, जिला सूचना अधिकारी रंजना शर्मा, जिला सांख्यिकी अधिकारी विनायक शर्मा उपस्थित रहे।