लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में जिन्ना के बाद अब पाकिस्तान का जिक्र आने पर सियासत गरमा गई है। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा पाकिस्तान का उल्लेख करने पर भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा ने अखिलेश पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने चुनावी मौसम में सपा के पाकिस्तान प्रेम पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा है कि आज मैंने एक महत्वपूर्ण अखबार में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का इंटरव्यू पढ़ा।
इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान भारत का असली दुश्मन नहीं है बल्कि भाजपा वोट बैंक की राजनीति के लिए पाकिस्तान को बीच में लेकर आती है। पात्रा ने कहा कि यह बयान बेहद शर्मनाक है। इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। संबित पात्रा ने कहा कि आज योगी जी-मोदी जी सब उत्तर प्रदेश को बधाई दे रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव पाकिस्तान की प्रशंसा कर रहे हैं। भाजपा नेता पात्रा ने कहा कि मैं आज अखिलेश से लखनऊ में बैठकर चंद सवाल पूछना चाहता हूं।
क्या कश्मीर के बंधु हमारे भाई नहीं हैं, जिनके ऊपर रोज पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी होती है और निहत्थे व निर्दोष नागरिक पाकिस्तान द्वारा भेजे गए आतंकियों द्वारा मारे जाते हैं। क्या उनका जीवन जीवन नहीं है? हर समय पाकिस्तान भारत पर आतंकवादी हमले करता है। आपका यह कहना कि भारत का असली दुश्मन पाकिस्तान नहीं है। यह तो भाजपा पाकिस्तान बना रही है। मैं तो इतना कहना चाहूंगा कि जिन्ना से जो करे प्यार वह पाकिस्तान से कैसे करे इंकार।
















