गाजियाबाद शहर से पूर्व सांसद के बेटे और मुरादनगर से जिला अध्यक्ष को मिला टिकट कांग्रेस की फर्स्ट चुनावी लिस्ट, यूपी के लिए 125 उम्मीदवारों की घोषणा

गाजियाबाद शहर से सुशांत गोयल, मुरादनगर से बिजेंद्र यादव, लोनी से यामीन मलिक को टिकट
नोएडा से पंखुड़ी पाठक हाथ की सारथी, उन्नाव रेप पीड़िता की मां भी लड़ेंगी चुनाव

लखनऊ/ गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने गुरुवार को 125 उम्मीदारों की लिस्ट जारी कर दी। पहली सूची में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। 50 सीटों पर चुनाव मैदान में महिलाएं उतारी गई हैं। उधर, जनपद गाजियाबाद में शहर विधान सभा क्षेत्र से सुशांत गोयल, मुरादनगर से बिजेंद्र यादव और लोनी से यामीन मलिक को टिकट मिला है। सुशांत गोयल कांग्रेस के दिवंगत पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र हैं। जबकि बिजेंद्र यादव फिलहाल कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

साहिबाबाद और मोदीनगर सीट पर अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए हैं। उधर, नोएडा सीट से चर्चित चेहरे पंखुड़ी पाठक को मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में 125 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। उन्होंने बताया कि पार्टी ने इनमें 50 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा है। वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका गांधी ने कहा कि कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री, समाजसेवी और संघर्षशील महिलाओं को मौका दिया गया है। उन्नाव सदर सीट से कांग्रेस ने रेप पीड़िता की मां को टिकट दिया है।

उन्नाव रेप केस में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर फिलहाल जेल में हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि सूची नया संदेश दे रही है कि यदि आपके पास अत्याचार हुआ तो आपके पास यह ताकत है कि आप अपने हक के लिए लड़ो। आपकी लड़ाई में कांग्रेस साथ देगी। सत्ता अपने हाथ में लें। उन्होंने बताया कि सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया गया है। इसी प्रकार आशा बहनों ने कोरोना में काफी अच्छा काम किया, मगर उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी टिकट दिया है।

कुछ नेताओं के कांग्रेस छोड़ने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि आया राम गया राम हर चुनाव में, हर पार्टी में होता है। मुझे नहीं लगता कि यह कोई ऐसी चीज है, जिससे किसी पार्टी को घबराना चाहिए। यदि हमारे साथी जाते हैं तो हमें लगता है कि वह हमारे संघर्ष से पीछे हट रहे हैं। प्रियंका गांधी ने उम्मीद जाहिर की कि यूपी विधान सभा चुनाव में कांग्रेस अप्रत्याशित प्रदर्शन करेगी।