DM सीपी सिंह को मिला प्राधिकरण का चार्ज, UP में 17 दिन बाद फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 10 प्रशासनिक अधिकारियों का ट्रांसफर

4 आईएएस और 6 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष निशा को हटा दिया गया है। गाजियाबाद की तर्ज पर बुलंदशहर के जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह को विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 17 दिन बाद फिर तबादला एक्सप्रेस चली है। शासन ने 10 प्रशासनिक अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। 4 आईएएस और 6 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष निशा को हटा दिया गया है। गाजियाबाद की तर्ज पर बुलंदशहर के जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह को विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। कई जिलों में प्रशासनिक फेरबदल का असर पड़ा है। उप्र शासन ने गत 29 जुलाई को 33 प्रशासनिक अधिकारियों का ट्रांसफर किया था।

इसमें 13 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारी शामिल थे। इसके 17 दिन बाद यानी बुधवार की सुबह शासन ने फिर प्रशासनिक फेरबदल किया है। 4 आईएएस और 6 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। प्रशासनिक फेरबदल का असर लखनऊ, अलीगढ़, बुलंदशहर, सहारनपुर, गाजीपुर व प्रतापगढ़ जनपद पर पड़ा है। शासन ने बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष निशा को हटा दिया है। उन्हें प्रतीक्षा सूची में डाला गया है। बुलंदशहर के डीएम चंद्रप्रकाश सिंह विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई तैनाती होने तक वह बीडीए का चार्ज संभालेंगे। इसके अलावा विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा यूपी डॉ. राजेश कुमार को विशेष सचिव सचिवालय (प्रशासन) बनाया गया है। विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग ज्ञानेश्वर त्रिपाठी को विशेष सचिव सामान्य सचिवालय (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वि/रा) बिपिन कुमार मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) लखनऊ का दायित्व सौंपा गया है। हिमांशु कुमार गुप्ता एडीएम (ट्रांस) लखनऊ को एडीएम (वि/रा) लखनऊ बनाया गया है।

प्रतापगढ़ के मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश सिंह को एडीएम (ट्रांस) लखनऊ बनाकर भेजा गया है। राकेश कुमार पटेल एडीएम (सिटी) अलीगढ़ को मुख्य राजस्व अधिकारी प्रतापगढ़ की जिम्मेदारी मिली है। इसी प्रकार सहारनपुर के सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी को एडीएम (सिटी) अलीगढ़ बनाया गया है। गाजीपुर के एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह को सहारनपुर का सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।