यातायात माह का आगाज: मानव जीवन अनमोल, नही उठाए जोखिम: एसएसपी

30 नवंबर तक ट्रैफिक पुलिस पढाएगी नियमों का पाठ

गाजियाबाद। मानव जीवन अनमोल है। और अपनी सुरक्षा आपका कर्तव्य है। थोड़ी सी सतर्कता हटते ही दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। प्रतिदिन हो रही दुर्घटनाओं का कारण इंसानी गलती ही है। इसलिए जल्दबाजी नहीं कर अपने अमूल्य जीवन को कभी भी जोखिम में नहीं डालें। यह बातें रविवार को हरसांव स्थित पुलिस लाइन में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जाने वाले यातायात माह का शुभांरभ करते हुए ट्रैफिक पुलिस के वाहनों, ट्रैफिक मोबाइल, पीसीआर, ऑटो आदि वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सभी वाहन आगामी 30 नवंबर तक यातायात माह के चलते वाहन स्वामियों को जागरूक करेंगे।

एसएसपी ने कहा कि 30 नवंबर तक मनाए जाने वाले यातायात माह के दौरान वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। वहीं, स्कूलों के बच्चों के साथ रैली भी निकाली जाएगी। पूरे नवंबर माह तक चलने वाले यातायात माह के दौरान वाहन चालकों को सड़क पर चलते समय ट्रैफिक नियमों का पाठ पढाया जाएगा। एसएसपी ने अपील करते हुए कहा कि मानव जीवन अनमोल है। अपनी सुरक्षा आपका कर्तव्य है। ट्रैफिक नियम का पालन करने, नियंत्रित स्पीड में चलने के साथ-साथ चार पहिया वाहन पर निश्चित रूप से सीट बेल्ट और दो पहिए पर हेलमेट लगाए रखने की नसीहत दी। बाइक पर दो से अधिक सवारी न बैठे।

नींद एवं झपकी आने पर वाहन न चलाएं। ट्रैफिक नियमों का पालन जरूरी है। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने कहा कि यातायात माह के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करने से लेकर झांकिया भी निकाली जाएगी। वहीं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जिले में 30 नवंबर तक कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वाहन स्वामियों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ हेलमेट लगाकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार वाहन न चलाएं,नशे की हालत में वाहन न चलाएं। इन सभी की जानकारी दी जाएगी। सड़क सुरक्षा पर सुप्रीमकोर्ट कर्मटी के निर्देशों का पालन करते हुए ट्रैफिक नियमों को तोडऩे वालों पर कार्रवाई भी होगी। यातायात माह की शुरूआत होने के चलते ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा आमजन को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने और नियमों का पालन करने के लिए जागरूकता रैली भी निकाली। रैली हरसांव पुलिस लाइन से शुरू होकर राजनगर एक्सटेंशन स्थित रोटरी गोल चक्कर पर समापन किया गया। इस दौरान एसपी देहात नीरज कुमार जादौन, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा,एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र कुमार सिंह,सीओ महिपाल सिंह,सुनील कुमार सिंह,एएसपी केशव कुमार,मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह आदि की मौजूद रहे।