नगर निगम में PCS अरूण कुमार यादव बने अपर नगरायुक्त

अरूण कुमार यादव होंगे नए अपर नगरायुक्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने एकाएक 28 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। स्थानांतरण आदेश शनिवार की देर रात जारी किया गया है। इसी क्रम में अरूण कुमार यादव गाजियाबाद नगर निगम के अपर नगरायुक्त बनाए गए हैं। गाजियाबाद के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) यशवर्द्धन श्रीवास्तव को आगरा भेजा गया है। आगरा के सिटी मजिस्ट्रेट पद से स्थानांतरित अरूण कुमार यादव अब गाजियाबाद नगर निगम में अपर नगरायुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे।

गाजियाबाद में काफी समय से तैनात एडीएम (वित्त एवं राजस्व) यशवर्द्धन श्रीवास्तव को आगरा में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पद पर भेजा गया है। शासन ने बरेली की उप-जिलाधिकारी ममता मालवीय का तबादला कर उन्हें अपर नगरायुक्त नगर निगम मेरठ का दायित्व सौंपा है। सीआरओ बहराइच प्रदीप कुमार का स्थानांतरण इलाहाबाद किया गया है। उन्हें एडीएम (नजूल) की जिम्मेदारी मिली है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर सरकार द्वारा निरंतर अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं।

सनद रहे कि हाल ही में शासन के निर्देश पर डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने मुजफ्फरनगर जनपद में 3 साल से अधिक अवधि से तैनात 28 इंस्पेक्टरों के तबादले मंडल क्षेत्र के सहारनपुर और शामली जनपद में किए हैं। इनमें 12 थाना प्रभारी भी शामिल हैं। सप्ताहभर पहले भी शासन स्तर से अधिकारियों के तबादले किए गए थे। उप्र सरकार ने साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। सरकार का कार्यकाल सिर्फ 6 माह का बचा है। इसके चलते चुनावी तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।