सिरफिरे के सिर पर खून हुआ सवार, फावड़े से 2 की हत्या की, 5 गंभीर घायल

बुलंदशहर के परवाना गांव में घटना से सनसनी, हमलावर गिरफ्तार

लखनऊ। बुलंदशहर जनपद में सोमवार को सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिर पर खून सवार होने पर सिरफिरे युवक ने कुछ राहगीरों और किसानों पर फावड़े से ताबड़-तोड़ हमला कर दिया। जानलेवा हमले में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि 5 नागरिक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने को मजबूर हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच चल रही है।

खानपुर थानांतर्गत परवाना गांव में यह घटना प्रकाश में आई है। पुलिस के मुताबिक मक्का के खेत में काम करने के दौरान युवक ने अचानक किसानों और राहगीरों पर फावड़े से हमला करना शुरू कर दिया। इससे एकाएक भगदड़ मच गई। आरोपी एक के बाद एक प्रहार करता रहा। नतीजन महिला सहित 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने पांचों घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया है। 3 की हालत चिंताजनक है। डीआईजी/एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल-चाल जाना।

डीआईजी/एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है। सोमवार की सुबह वह अपने घर से निकला और रास्ते में उसे जो भी मिला उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने कुल 7 लोगों पर हमला किया, जिसमें से 2 की मौत हो गई। शेष पांच व्यक्तियों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उधर, घटना के बाद से आस-पास के गांवों में सनसनी फैल गई है।