ताकतवर तरीके से फिर लौटेंगे योगी आदित्यनाथ, यादगार होगा शपथ ग्रहण समारोह

लखनऊ में तैयारियां तेज, पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह भी रहेंगे मौजूद

लखनऊ। भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। लखनऊ में 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा कई नामचीन हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। 50 से 80 हजार मेहमानों के समारोह में शिरकत करने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। समारोह से एक दिन पहले सभी विधायकों को लखनऊ बुलाया गया है। जहां विधायक दल की बैठक में योगी आदित्यनाथ को नेता चुना जाना है।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में हिस्सा लेंगे। विपक्षी दलों में कांग्रेस से अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती आदि को न्यौता भेजा गया है। इकाना स्टेडियम और आस-पास का इलाका फूलों से सजाया जा रहा है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने 112 मुख्यालय से लेकर शपथ ग्रहण स्थल इकाना स्टेडियम तक की पूरी सड़क को फूलों से सजा दिया है। इसके लिए समूचे रूट पर करीब पांच हजार से ज्यादा छोटे-बड़े गमलों में फूलों के पौधे सजाए गए हैं। शहीद पथ को भी सजाया जा रहा है। भाजपा ने अमित शाह को यूपी का पर्यवेक्षक बनाया है। शाह 2 दिन पहले लखनऊ पहुंच जाएंगे। योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण के साथ यूपी में भाजपा बड़े लक्ष्य की तरफ बढ़ती दिखेगी। यह सरकार इस तरह काम करेगी कि आगामी 25 साल में भाजपा के अलावा प्रदेश को कोई दूसरा विकल्प नहीं दिखेगा।