यूपी में दूसरे चरण का मतदान संपन्न, प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव का दूसरा चरण सोमवार को पूरा हो गया। सुचारू एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करा लिए गए। यूपी में अब 5 चरण का मतदान होना बाकी है। मतगणना 10 मार्च को होगी। निर्वाचन आयोग के मुताबिक शाम पांच बजे तक 9 जिलों की 55 विधान सभा सीट पर 60.44 प्रतिशत मतदान किया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर देर शाम तक मतदान चला। 2017 के मुकाबले इस बार मतदान प्रतिशत में कमी दर्ज की गई है। बड़ी बात यह रही कि दूसरे चरण में किसी प्रकार की हिंसा या उपद्रव देखने को नहीं मिला।

मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं शांतिपूर्ण तरीके से पूर्ण होने से पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। यूपी में सोमवार को 9 जिलों की कुल 55 सीट के लिए मतदान किया गया। इन सीट पर कुल 586 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को सुरक्षा इंतजाम पुख्ता रहे। 50 प्रतिशत बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्रों के भीतर और बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती रही। यूपी में 18वीं विधान सभा के गठन के लिए दूसरे चरण का मतदान सोमवार की सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चला।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा रूहेलखंड के 9 जिलों की 55 सीट पर कुल 586 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के लिए 2 करोड़ से अधिक मतदाता सूचीबद्ध थे। दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली व शाहजहांपुर में मतदान कराया गया। 2017 के चुनाव में इन 55 सीट में से 38 भाजपा, 15 सपा व 2 कांग्रेस ने जीती थीं। निर्वाचन आयोग का कहना है कि दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से करा लिया गया। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी।