नगर पालिका गुलावठी में मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती
उदय भूमि संवाददाता
गुलावठी। नगर पालिका परिषद गुलावठी परिसर में शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सद्भाव पूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महापुरूषों को नमन किया गया। नगर पालिका के चेयरमैन काले खां कुरैशी एवं अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। तदुपरांत अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना ने दोनों महापुरूषों के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि देश की राजनीतिक, सांस्कृतिक, सामाजिक समरसता एवं स्वावलंबन की भावना के जरिए राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोकर सशक्त बनाने और आजादी दिलाने में महात्मा गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनके आदर्शों, सिद्वांतों एवं सद्विचारों को अपनाने के साथ उनके पदचिन्हों पर चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के देश एवं समाज हित में दिए गए योदान को कभी भूलाया नहीं जा सकता।
दोनों महापुरूषों ने देशहित में आजीवन संघर्ष किया। महात्मा गांधी ने सत्य एवं अहिंसा पर चलने की सीख दी। यह सीख आज भी काम आती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने के लिए पालिका स्तर पर हरसंभव कोशिशें की जा रही हैं। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आए हैं।
केके भडाना ने पालिका द्वारा संचालित स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों, सफाई मित्रों, सुपरवाइजरों का उत्साह वर्धन कर उन्हेंं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा भड़ाना ने क्षेत्र में शहीद स्मारक, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अम्बेडकर आदि महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।















