महिला सब इंस्पेक्टर को बनाया हवस का शिकार

पाकिस्तान में सनसनीखेज वारदात से हंगामा

इस्लामाबाद। बेखौफ अपराधियों के हौसले बेहद बुलंद हैं। इसके बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। महिलाओं के प्रति हिंसक अपराध का एक और मामला सामने आया है। पाकिस्तान में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में महिला दरोगा को अगवा कर बलात्कार करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पाकिस्तान में आए दिन महिलाओं के साथ अत्याचार और यौन उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला पंजाब प्रांत के जनपद मुजफ्फरगढ़ में सामने आया है। लैंगिक अपराध अधिकारी के पद पर कार्यरत महिला सब इंस्पेक्टर एक केस की विवेचना के सिलसिले में मुजफ्फरगढ़ गई थी। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक 29 वर्षीय सब इंस्पेक्टर को सिटी पुलिस स्टेशन के पास जेंडर अपराध की जांच के लिए भेजा गया था। वहां पहले से मौजूद आरोपी ने पिस्टल के बल पर सब इंस्पेक्टर को जबरन कार में बैठा लिया। बाद में पीड़िता को चमन बाईपास के पास सुनसान स्थान पर ले जाया गया। आरोपी ने वहां पीड़िता के साथ मारपीट कर बलात्कार किया।

इसके बाद पीड़िता को घायलावस्था में उसके कार्यालय के नजदीक फेंक कर आरोपी फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि सब-इंस्पेक्टर को घायलावस्था में मुजफ्फरगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी कई दूसरे अपराधों में भी संलिप्त रहा है। उधर, पाकिस्तान में इस मामले की चौतरफा निंदा हो रही है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पहले भी महिलाओं के साथ जघन्य अपराध प्रकाश में आ चुके हैं।