-अस्पताल-बाजारों का मौके पर लिया जायजा
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के जिले में बढ़ते मामलों के चलते लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने खुद अस्पतालों और बाजारों को जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को मौके पर दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कई थाना क्षेत्र में जायजा लिया। सब्जी मंडी, हिंडन विहार,पुराना बस अड्डा,जीटी रोड के अलावा कविनगर स्थित सर्वोदय अस्पताल समेत अन्य इलाकों में घूमकर एसपी सिटी निपुण अग्रवाल,सीओ एवं थाना प्रभारियों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। बेवजह घरों से बाहर घूमने वालों और कोविड-19 के नियमों का अनुपालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते लोग बेवजह घरों से बाहर घूम रहे है। लॉकडाउन लागू होने के चलते बगैर मास्क लगाए घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बेवजह घरों से बाहर न घूमे अन्यथा पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने जिला संयुक्त अस्पताल, सर्वोदय अस्पताल,संतोष अस्पताल,लोहियानगर गायत्री अस्पताल,हेल्थ केयर एंड फिजियोथेरेपी सेंटर आदि अस्पतालों का भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। कोरोना संक्रमित लोगों के उपचार के लिए दवाईयों के स्टॉक को भी चेक किया। अस्पतालों में मिली खामियोंं के चलते मौके पर अस्पताल प्रबंधकों एवं डॉक्टरों को इसमें सुधार करने के निर्देश दिए।
















