कोरोना की वजह से रुका था काम
3 प्रमुख योजनाओं पर काम शुरू करेगा नगर निगम
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में नगर निगम की 3 प्रमुख योजनाओं का निर्माण कार्य रूक गया था। लेकिन अब फिर से इन योजनाओं पर काम तेजी सेे होगा। शहर में कोरोना का प्रकोप कम होने और अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद नगर निगम ने इन योजनाओं को गति देने का निर्णय लिया है। इन योजनाओं में वह ऑडिटोरियम भी शामिल है, जो शहर का पहला सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बनेगा। वहीं, नंदग्राम में नगर निगम की करीब 55 हजार वर्गमीटर जमीन पर बनने वाला देश का पहला राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण भी तेेज होगा। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि ऑडिटोरियम एवं राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र का प्राथमिकता पर निर्माण कार्य अब तेजी से शुरू कराया जाएगा। ताकि समय पर दोनों योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो सके। वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने की योजना भी ब्रेक लगा हुआ है। नगर आयुक्त का कहना है कि कोरोना संक्रमण से योजनाओं पर असर पड़ा है। लेकिन इन योजनाओं को अब जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने पहले मार्च-2021 तक शहर में इलेक्ट्रिक बसें दौड़ाने की योजना बनाई थी। मगर कोरोना की वजह से मई तक 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की प्लानिंग की गई। नगर निगम ने बीते साल ही बसों के डिपो के लिए जमीन चिन्हित कर ली थी। अकबरपुर-बहरामपुर में करीब 6 हजार वर्गमीटर बसों के चार्जिंग स्टेशन के लिए दी गई। इसके लिए जल निगम की सीएंडडीएस इकाई द्वारा इसका निर्माण किया जा रहा हैं।
















