भाजपा को मिलेगी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी

अमित चौधरी की खुलेगी किस्मत, निर्विरोध निर्वाचन तय

ग्रेटर नोएडा। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी भाजपा को मिलना लगभग तय हो गया है। इस महत्वपूर्ण पद पर भाजपा के अमित चौधरी की ताजपोशी होगी। इसकी अधिकारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने ठोस रणनीति पहले से बना रखी थी। इसके तहत भाजपा उम्मीदवार अमित चौधरी ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। अमित की तरफ से नामांकन के 2 सेट दाखिल किए गए। इस बीच किसी और उम्मीदवार ने ठावेदारी ठोकने को पर्चा नहीं भरा है। इसके चलते अमित चौधरी की जीत सुनिश्चित हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा जिला पंचायत के नए अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी। जनपद गौतमबुद्धनगर में जिला पंचायत सदस्य की कुल 5 सीट है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने सर्वाधिक 3 सीट जीती थीं। जबकि एक-एक सीट पर बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी। भाजपा के पास 3 सीट होने के कारण इस पद के लिए बहुमत है। इसके चलते इस पद पर किसी दूसरे उम्मीदवार ने ताक ठोकने में रूचि नहीं दिखाई है। पंचायत अध्यक्ष के लिए शनिवार को दोपहर 3 बजे तक नामांकन होना था। भाजपा उम्मीदवार अमित चौधरी ने दोपहर करीब ढाई बजे नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावक जिला पंचायत सदस्य बृजेश व अनुमोदक मोहिनी थीं। हालाकि दूसरे प्रत्याशी भी पर्चा भरना चाहते थे, मगर उन्हें एक प्रस्तावक व एक अनुमोदक ही नहीं मिला। पर्चा वापस लेने की अंतिम तिथि 29 जून व मतदान की तिथि 3 जुलाई है। चुनाव मैदान में महज एक प्रत्याशी होने के कारण अब वोटिंग की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ऐसे में प्रशासन द्वारा 29 जून को नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।