तांत्रिक अब्दुल समद की पिटाई करने और दाढ़ी काटने के मामले में भड़काऊ वीडियो वायरल करने के आरोपी सपा के पहलवान उम्मेद इदरीशी पर लगी रासुका को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है। जमानत पर 20 को होगी सुनवाई।
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर में बुलंदशहर के अनूप शहर निवासी तांत्रिक अब्दुल समद की पिटाई करने और दाढ़ी काटने के मामले में भड़काऊ वीडियो वायरल करने के आरोपी सपा के पहलवान उम्मेद इदरीशी पर लगी रासुका को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है।
यह भी पढ़ें : पार्षद को पकड़ेगी पुलिस, अब्दुल समद कांड में सलंप्तिा के मिले सबूत
दो दिन पहले मंजूरी मिलने के बाद उम्मेद ने रासुका का मामला न्यायिक बोर्ड को भेजने के लिए प्रत्यावेदन किया है। वहीं, पुलिस की केस डायरी न आने के कारण उम्मेद पहलवान की जमानत अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी। आगामी 20 जुलाई को कोर्ट में जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी। बुजुर्ग तांत्रिक अब्दुल समद के साथ बीते 5 जून को मारपीट कर दाढ़ी काटी गई थी। घटना की वीडियो वायरल होने पर मामले ने तूल पकड़ लिया था। लक्ष्मी गार्डन निवासी सपा नेता ने तांत्रिक के साथ फेसबुक लाइव कर वीडियो वायरल की थी,जिसमें धर्म विशेष के नारे न लगाने पर दाढ़ी काटने का आरोप लगाया गया था।
यह भी पढ़ें : हाइप्रोफाइल मामले में सपा नेता गिरफ्तार, पूछताछ जारी
भड़काऊ वीडियो वायरल करने पर पुलिस ने उम्मेद पहलवान के खिलाफ उन्माद फैलाने का केस दर्ज किया था। 19 जून को लोनी बॉर्डर थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने इसे दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ 29 जून को रासुका की कार्रवाई की थी। पुलिस ने रासुका की एप्रुवल के लिए फाइल शासन को भेजी थी। 7 जुलाई को सरकार ने रासुका को हरी झंडी दे दी।उम्मेद पहलवान के वकील अनीस चौधरी ने बताया कि सरकार की तरफ से रासुका की मंजूरी पहुंच गई। उम्मेद पहलवान की तरफ से प्रत्यावेदन किया है कि रासुका का मामला न्यायिक बोर्ड को भेजा जाए। हाईकोर्ट की लखनऊ बैंच में बैठने वाला न्यायिक बोर्ड तय करेगा कि सरकार ने रासुका की कार्रवाई सही है या गलत। उम्मेद पहलवान की जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी। लेकिन केस के विवेचक ने केस डायरी पेश करने के लिए वक्त मांग लिया। इसके चलते कोर्ट ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 20 जुलाई की तारीख निर्धारित की है।
















