-3200 कि.ग्रा. लहन, 60 लीटर कच्ची शराब समेत तस्कर गिरफ्तार
Excise Department – गाजियाबाद। उप्र शासन एवं आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद के निर्देशन में आबकारी एवं गाजियाबाद पुलिस द्वारा गठित संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने कहा शनिवार को आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा से.-3, आ.नि. आशीष पांडेय से.-4, आ.नि. त्रिभुवन सिंह हयाकी से.-2, आ.नि. अरूण कुमार से.-6, आ.नि. सर्किल-2 रमा शंकर सिंह मय आबकारी स्टाफ एवं थाना टीला मोड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-3 स्थित महमूदपुर, रिस्तल, सीती और भूपखेड़ी के जंगल एवं हिंडन खादर क्षेत्र में संदिग्ध स्थलों पर दबिश कर गहन तलाशी की गई।
छापेमारी में गौतम कसाना पुत्र बुद्ध राम निवासी रिस्तल टीला मोड़ को 60 लीटर कच्ची शराब एवं परिवहन हेतु प्रयुक्त हौंडा एक्टिवा के साथ गिरफ्तार किया गया। खादर क्षेत्र में दबिश के दौरान लगभग 3200 कि.ग्रा. लहन बरामद हुई। टीम ने शराब को कब्जे में लेकर लहन को नष्ट कर दिया है।
आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा है कि आगे भी इसी प्रकार अवैध शराब की छापेमारी जारी रहेगी। अवैध शराब का धंधा रोकने के लिए Excise Department की टीम को 24 घंटे सक्रिय है। शराब की बंद फैक्ट्रियों, तालाब व इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।















