अमेरिका-ताइवान की नजदीकी से बौखलाया चीन
ताइपे। अमेरिकी और ताइवान के बीच बढ़ती नजदीकी चीन को रास नहीं आ रही है। दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों से ड्रैगन आग-बबूला हो रहा है। ऐसे में चीन के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने ताइवानी राष्ट्रपति त्साई इंग वेन की हत्या तक कर देने की धमकी दे डाली है। ग्लोबल टाइम्स के इस बयान से चीन की बौखलाहट साफ जाहिर हो रही है। चीन की विस्तारवादी नीति का विभिन्न देश खुलकर विरोध कर रहे हैं। अपने पड़ोसी देशों के प्रति चीन का रवैया हमेशा दादागिरी दिखाने जैसा रहा है। दूसरे देशों को कर्जजाल में फंसाकर उनके संसाधनों पर कब्जा करने में माहिर ड्रैगन की असलियत को जानकर अब कई देश काफी सतर्क हो गए हैं। इस बीच
अमेरिका के विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कीथ क्राच की ताइवान यात्रा पर चीन के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने निशाना साधा है। अखबार ने ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग वेन को जान से मारने की धमकी दे डाली है। अखबार ने कहा है कि ताइवान की नेता त्साई अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारी के साथ डिनर कर आग से खेल रही हैं। चीनी अखबार ने धमकी दी है कि ताइवानी राष्ट्रपति के किसी कदम से चीन के कानून का उल्लंघन होने पर युद्ध आरंभ हो जाएगा और ताइवानी नेता का सफाया कर दिया जाएगा। बता दें कि अमेरिकी विदेश विभाग के सीनियर अफसर क्राच 17 सितंबर को ताइवान पहुंचे थे। बाद में उन्होंने ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग वेन के साथ डिनर किया था। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के किसी अधिकारी की यह सब शीर्ष स्तर की यात्रा थी। इससे पहले अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री एलेक्स अजार भी ताइवान का दौरा कर चुके हैं। अमेरिका निरंतर ताइवान के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है। इससे चीन को झुंझलाहट हो रही है।
















