कोविड-19 के नए स्ट्रेन: पुख्ता तैयारी करें स्वास्थ्य विभाग: जिलाधिकारी

-एडवाइजरी जारी, कोविड प्रोटोकॉल का करें पालन, मास्क का करें प्रयोग

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के नए स्ट्रेन को दृष्टिगत रखते हुए जिले में अब स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोविड-19 के नए स्ट्रेन को दृष्टिगत रखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क रहते तैयारियां पुख्ता करें। जिले वासियों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भवतोष शंखधर ने एडवाइजरी जारी की हैं। उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और बगैर मास्क के घर से न निकले। सार्वजनिक स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें। डीएम राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। सीएमओ एवं जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ.आरके गुप्ता ने जनपदवासियों से आहवान करते हुए कहा कि विभिन्न टीवी चैनल एवं समाचार पत्रों के माध्यम से अवगत हो रहा है कि अफ्रीका समेत कुछ देशों में कोविड-19 के नए स्ट्रेन के मरीज मिले है। इनकी डब्ल्यूएचओ द्वारा भी पुष्टि की गई है। ऐसे में सभी प्रकार की औद्योगिक इकाइयों, स्कूल, कॉलेज समेत अन्य गतिविधियां जारी होने के चलते कोविड -19 के नए स्ट्रेन के फैलने की संभावना है। इसके लिए सभी सवाधानी बरते और मास्क, सैनेटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इससे अपने आपको को बचाने के साथ परिवार के लोगों को भी बचाया जा सकता हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि यदि आपके घर एवं आसपास,सोसायटी में कोई भी ऐसा व्यक्ति हो, जो विदेश यात्रा कर देश में कोविड-19 से संक्रमित राज्यों की यात्रा करके आए हो। उनकी कोरोना जांच सुनिश्चित कराएं। रोजाना शहर में इन केंद्रों पर कोरोना की नि:शुल्क जांच की जा रही हैं। इनमें इंदिरापुरम स्थित गुरूद्वारा, वैशाली सेक्टर-1 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजेंद्रनगर स्थित ईएसआई अस्पताल, सेक्टर-23 संजयनगर जिला संयुक्त अस्पताल, कमला नेहरू नगर सीजीएचएस,रामलीला मैदान घंटाघर,विजयनगर सेक्टर-9स्वास्थ्य केंद्र, खोड़ा कॉलोनी, जिला एमएमजी अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय, डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरादनगर, मोदीनगर, लोनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर में नि:शुल्क जांच की जा रही हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि सोसायटी, मोहल्ले,मार्केट में युवकों के छोटे-छोट समूह बनाकर कोविड चैंपियन बनाने का प्रयास करें। उन्होंने आहवान किया कि कोविड-19 को लेकर स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से जारी की गई एडवाइजरी का स्वेच्छा से दृढ़ता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कोरोना संक्रमण से हम सभी अपने आपको,अपने परिवार एवं जिलेवासियों को सुरक्षित बनाने में सहयोग प्रदान कर सकते हैं।