ब्राह्मण महासभा के महामंत्री ने की नेपाल के सांसद से मुलाकात

भारत और नेपाल के संबंधों पर हुई अहम चर्चा

नई दिल्ली। नेपाल में भारत और ब्राह्मण समाज की स्थिति मजबूत करने के लिए अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की मुहिम जोरों पर चल रही है। इसी सिलसिले में ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र 5 दिवसीय नेपाल दौरे पर पहुंचे। दौरे के आखिरी दिन शनिवार को उन्होंने काठमांडू में नेपाल के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय सभा के सांसद एवं नेपाल के जनता समाजवादी पार्टी के केंद्रीय सदस्य मुफ़्ती मोहम्मद खालिद सिद्दीकी से मुलाकात की। उन्हें निर्वाचित होने पर बधाई दी गई। इस दौरान विभिन्न जरूरी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। ब्राह्मण महासभा के महामंत्री तरूण मिश्र ने अपनी काठमांडू यात्रा के मकसद से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल के बेहद अच्छे और घनिष्ट संबंध हैं। दोनों देश एक-दूसरे का आदर-सम्मान करते हैं। भारत और नेपाल के नागरिकों में भी किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। दोनों देशों का यह रिश्ता काफी मजबूत और विश्वास पर आधारित है। मुफ़्ती मोहम्मद खालिद सिद्दीकी ने तरूण मिश्र से मुलाकात पर प्रसन्नता जाहिर की। सिद्दीकी ने कहा कि भारत-नेपाल ना सिर्फ पड़ोसी देश हैं बल्कि एक-दूसरे के करीब भी हैं।दोनों मूल्क ने जरूरत के समय एक-दूसरे पर भरोसा कर साथ दिया है। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। नेपाल के नागरिक भी भारत को पसंद करते हैं। वहां के नागरिकों को सम्मानजनक दृष्टि से देखते हैं। उधर, ब्राह्मण महासभा के महामंत्री तरूण मिश्र ने कहा कि नेपाल की राजधानी काठमांडू में उनका यह दौरा अब तक काफी सफल रहा है।

वह विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के दिग्गजों के साथ मुलाकात कर चर्चा कर रहे हैं। उन्हें ब्राह्मण महासभा के उद्देश्य से अवगत कराया जा रहा है। नेपाल में ब्राह्मण समाज बहुतायत संख्या में हैं। इस समाज को एकजुट कर मजबूत बनाने की दिशा में संगठन स्तर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। आगे भी यह प्रयास जारी रहेंगे। काठमांडू दौरा समाप्त कर तरूण मिश्र देर शाम नई दिल्ली लौट आए। इसके पहले पशुपति क्षेत्र विकास कोष काठमांडू की तरफ से शिष्टाचार अधिकारी ने उन्हें विदा किया। शिष्टाचार अधिकारी ने पटका पहना कर उनका अभिनंदन किया।