बैंक मैनेजर ने किया लोन फर्जीवाड़ा, गिरफ्तार

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। साहिबाबाद निवासी फर्म के दस्तावेजों पर किसी अन्य फर्म संचालक को लोन देकर 15.50 लाख रुपए का लोन में फर्जीवाड़ा करने वाले बैंक मैनेजर को घंटाघर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था। बताया कि वर्ष-2012 में फर्जीवाड़ा कर 15.50 लाख रुपए का लोन देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने जम्मू एंड कश्मीर बैंक की आंबेडकर रोड शाखा के तत्कालीन मैनेजर विजय कुमार खजांची को गिरफ्तार किया है। विजय कुमार सेक्टर-52 गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं। आरोप है कि एक फर्म के दस्तावेजों पर बैंक मैनेजर ने किसी अन्य को लोन दे दिया। लाजपतनगर साहिबाबाद स्थित फर्म मैसर्स अंबे एंटरप्राइजेज के प्रोपराईटर मोहन स्वरूप शर्मा ने मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ  रिपोर्ट दर्ज कराई थी।  मोहन स्वरूप शर्मा ने वर्ष-2012 में जम्मू एंड कश्मीर बैंक की आंबेडकर रोड शाखा में चालू खाता खुलवाया था। खाता खुलवाने के लिए उन्होंने अपने दस्तावेज दे दिए थे। आरोप है कि तत्कालीन बैंक प्रबंधक ने खाता खोलने से इन्कार कर दिया और उनके दस्तावेज भी नहीं दिए। 19 जनवरी 2019 को डीआरटी लखनऊ कोर्ट से उन्हें एक नोटिस प्राप्त हुआ। जिससे उन्हें पता चला कि उनकी फर्म के नाम पर उपरोक्त बैंक शाखा से 15 लाख 58 हजार 581 रुपए का लोन चल रहा है। आरोप है कि बैंक जाने पर मैनेजर ने दस्तावेज देने से इन्कार कर दिया और श्रीकृष्णा ट्रेडर्स के प्रोपराईटर श्री कृष्ण पोद्दार से संपर्क करने को कहा। मैनेजर ने बताया कि श्री कृष्ण पोद्दार ही इस लोन को ऑपरेट कर रहे हैं। संपर्क करने पर पोद्दार ने कहा कि लोन की रकम जमा करा देंगे। इसके बाद मोहन स्वरूप शर्मा ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन बैंक मैनेजर व श्रीकृष्ण पोद्दार के खिलाफ  धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। कोतवाली प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि दारोगा संजीव कुमार टीम के साथ ऑपरेशन-420 के तहत विजय कुमार खंजाची को मुखबिर की सूचना पर जस्सीपुरा कट के पास से गिरफ्तार किया गया। विवेचना में साक्ष्य मिलने के बाद तत्कालीन बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।