-नगर पंचायतों से ही निकलता है शहरों के विकास का मार्ग: डीएम
-डासना नगर पंचायत में 4 करोड़ रुपए की लागत से बनी परियोजनाओं का लोकार्पण
गाजियाबाद। चुनौतियों के साथ अगर कोई काम करना चाहे तो एक अच्छे स्तर का काम हो सकता है। हमें आगे आने वाले समय में कुछ नया करके दिखाना है ताकि डासना की जनता को यह एहसास हो कि कुछ नया हमारे लिए किया जा रहा है। यह बातें शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री रिटायर्ड जनरल वीके सिंह ने डासना नगर पंचायत में कुल चार करोड़ रुपए की लागत से बनी परियोजनाओं लोकार्पण करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कूड़े का निस्तारण, गलियों की सफाई, नालियों की सफाई जैसे जरूरी कार्यों का समय-समय पर होना अति आवश्यक है। उन्होंने डासना क्षेत्र अंतर्गत आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि डासना क्षेत्र के अंदर जो भी सड़कें टूटी हुई या गड्ढे है ऐसी सड़को के बारे में जरूर बताएं ताकि उन्हें सही कराया जा सके और अगर आपको कोई परेशानी होती है उसको जिला मुख्यालय तक जरूर पहुंचाएं ताकि उसका निस्तारण कराया जा सके और अगर कार्य में किसी तरह की कोताही बरती जा रही है, गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है, उसके बारे में अवश्य बताएं क्योंकि हम गुणवत्ता से समझौता नहीं कर सकते।

केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह द्वारा वेंडरों को प्रधानमंत्री स्व निधि योजना के अंतर्गत चेक भी वितरित किए गए और उन्हें प्रोत्साहित किया गया। इस राशि को प्राप्त करके सभी लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने नगर पंचायत के विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया एवं आमजन से यह अपील भी की कि वह घर से ही कूड़े को गीले और सूखे में पृथक करें जिससे कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण संभव हो पाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के कार्यों एवं प्रशासन में नवाचार लाने की भी बात कही। मंत्री द्वारा स्ट्रीट लाइट्स, साफ-सफाई, नालो की साफ-सफाई इत्यादि को लेकर भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने नगर पंचायत के बहुआयामी कार्यों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से अपील की कि वह समय से करो का भुगतान करें जिससे नगर पंचायत उन्हें बेहतर सुविधाएं मुहैया करा पाए। जिलाधिकारी द्वारा कूड़े के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत काफी महत्वपूर्ण होती है क्योंकि शहरों के विकास का मार्ग नगर पंचायतों से ही निकल कर जाता है। जो कार्य नगर पंचायत या नगर निकाय द्वारा किए जाते हैं वह बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं जिनका होना अत्यंत जरूरी होता है इसीलिए नगर पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर विनय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, नगर पंचायत डासना अध्यक्ष हज्जन संसार, नगर पंचायत डासना अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मिश्र, अवर अभियंता स्मृति गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
















