तुलसी विहार में चला जीडीए का बुलडोजर

-फ्लैट, दुकान, मकान को किया ध्वस्त

गाजियाबाद। बगैर नक्शा स्वीकृत कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। साथ बनाए गये अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान जीडीए सख्त चेतावनी भी दे रहा है कि अगर दोबारा अवैध निर्माण पाया गया तो संबधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की कार्रवाई भी की जाएगी। बगैर नक्शा स्वीकृत कराए अवैध रूप से तुलसी विहार एनडीआरएफ रोड रईसपुर क्षेत्र में बनाए गए फ्लैट, दुकानें, मकान आदि को जीडीए की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

सोमवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 की प्रभारी ओएसडी गुंजा सिंह की मौजूदगी में सहायक अभियंता राकेश कुमार सिंह, अवर अभियंता नरेंद्र मार्केंडेय, राजेेंद्र सिंह, शीलनिधि शर्मा, सत्यप्रकाश यादव, बीडी शुक्ला एवं जीडीए पुलिस और मधुबन-बापूधाम थाने की पुलिस के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह ने बताया कि प्रवर्तन जोन-3 क्षेत्र अंतर्गत सहायक अभियंता राकेश कुमार सिंह ने टीम के साथ तुलसी विहार एनडीआरएफ रोड के पास हनी द्वारा बनाए गए अवैध फ्लैट को ध्वस्त किया गया।

इसके अलावा संजीव शर्मा, हरेंद्र दीवान द्वारा तुलसी विहार एनडीआरएफ रोड रईसपुर गांव के पास अवैध रूप से बनाई गई दुकानों, फ्लैट, मकान पर बुलडोजर चलाया गया। जीडीए की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माण करने वालों ने जमकर हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस फोर्स ने उन्हें शांत कराकर खदेड़ दिया। जीडीए ओएसडी ने कहा कि प्रवर्तन जोन-3 क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण कार्य बर्दास्त नही किया जाएगा। दोबारा अवैध निर्माण मिलने पर संबधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज भी कराई जाएगी।