नगर आयुक्त ने खिलाडिय़ों को दिया खेल मैदान का तोहफा

-नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निरीक्षण में ग्रीन बैल्ट में कुश्ती खेलते मिले खिलाड़ी

गाजियाबाद। जिले में खेल को बढ़ावा मिले और खिलाडिय़ों की प्रतिभा को निखारने के लिए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर कितने गंभीर है। यह अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रीन बैल्ट में कुश्ती करते एवं अन्य खेलों की तैयारी कर रहे युवाओं को देख तत्काल अधिकारियों को स्थान देखकर उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के इस अंदाज को देख खिलाड़ी भी चौक गये। नगर आयुक्त के इस प्रयास से जिले में खेल को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक उचित स्थान भी मिलेगा।

शनिवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कई इलाकों में औचक निरीक्षण किया। कविनगर जोन क्षेत्र में नालों की सफाई, ग्रीन बैल्ट एवं अतिक्रमण को लेकर मौके पर निरीक्षण करते हुए जायजा लिया। नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण के दौरान कुछ खिलाड़ी ग्रीन बेल्ट के अंदर कुश्ती व अन्य खेलों की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को तत्काल निर्देश देते हुए पार्क में उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। टीम को मौके पर भेजकर जायजा लिया गया।

नगर आयुक्त से मिलकर खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ा। उन्होंने तत्काल संज्ञान लेने पर नगर आयुक्त का आभार प्रकट किया। शहर में मेयर एवं नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम द्वारा खिलाडिय़ों को उत्साहित करते हुए शहर में कई खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं। इसमें खिलाडिय़ों का भी सहयोग मिल रहा है। नगर आयुक्त ने इसके अलावा हापुड़ चुंगी पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कविनगर में एमआरएफ का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को यहां पर उचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

प्रकाश विभाग को लाइट की व्यवस्था करने एवं उद्यान विभाग द्वारा सौंदर्यीकरण करने के लिए निर्देश दिए। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र में नगर आयुक्त ने निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं, जगह-जगह अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग को हटाने के निर्देश दिए। उद्यान प्रभारी को ग्रीन बैल्ट एवं पार्कों की साफ-सफाई की मॉनिटरिंग के लिए निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार,कविनगर जोनल प्रभारी आशुतोष गुप्ता, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, स्वास्थ्य विभाग से गजेंद्र, सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।