संपूर्ण थाना दिवस में अधिकारियों ने सुनी समस्या

गढ़ में एएसपी, सिंभावली में सीओ एसडीएम ने सुनी समस्या

दस शिकायतों में पांच का निस्तारण किया गया

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर, एसडीएम विजय वर्धन तोमर व सीओ थाना सिंभावली, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह बहादुरगढ़ थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पहुंचे। जहां उन्होंने फरियादियों से रूबरू होते हुए उनकी समस्याओं को मौके पर सुना। तथा वहां मौजूद संबंधित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का शत प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान गढ़ में पांच, सिंभावली में तीन, बहादुरगढ़ में दो शिकायत आई। उक्त शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को देकर शीघ्र ही ही निस्तारण करने के आदेश दिए। एएसपी मिश्रा ने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण आपसी सामंजस्य से सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर हीलाहवाली क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने वहां मौजूद शिकायत पंजिका का निरीक्षण करते हुए निस्तारित हो चुकी शिकायतों के बाबत स्वयं दूरभाष पर शिकायतकर्ताओं से बात कर उनका सत्यापन कर जानकारी ली कि वह शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से सहमत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी शिकायतकर्ता अपने शिकायती प्रार्थना पत्र में मोबाइल नंबर का अवश्य उल्लेख करें। जिससे कि शिकायत निस्तारण में सहूलियत मिल सके।