-महिला समेत पांच तस्कर गिरफ्तार, 1 करोड़ की अफीम बरामद
गाजियाबाद। झारखंड से गांजे की तस्करी कर ऑन डिमांड दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान तक अफीम की तस्करी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने पांच किलो अफीम एवं घटना में प्रयुक्त इको कार बरामद किया है। बरामद अफीम की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। पकड़े गए आरोपी झारखंड से ऑन डिमांड नशीले पदार्थ की तस्करी करते थे।

रविवार को कविनगर थाने में घटना का खुलासा करते हुए सीओ प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी, इंस्पेक्टर सौरभ शुक्ला, सत्यवीर सिंह की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर डायमंड फ्लाईओवर के पास से श्याम बिहारी पुत्र उल्फत सिंह निवासी ग्राम कुंडलिया फैजुल्लापुर बरेली, विनोद कुमार गुप्ता पुत्र कोलेश्वर निवासी ग्राम टोटी हेसला पोस्ट बेसरा लातेहार झारखंड, गवेन्द्र पुत्र बनवारी लाल निवासी ग्राम लच्छमपुर आंवला बरेली, देवेंद्र पाल पुत्र बृजपाल निवासी ग्राम बम्मी अलापुर बदायूं एवं महिला साथी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी विनोद कुमार गुप्ता ग्रेजुएट पासआउट है और पूर्व में ई-रिक्शा चलाता था। ज्यादा आमदनी नहीं होने की वजह से इसने मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी। झारखंड स्थित रांची से ये गैंग पूरे उत्तर भारत में अफीम की तस्करी करता है। किसी को शक न हो, इसलिए गैंग में कुछ महिलाएं भी साथ रहती हैं।
माल लोड होते ही उसके डिलीवर होने तक पूरे गैंग के मोबाइल बंद रहते हैं, ताकि किसी की लोकेशन ट्रेस न होने पाए। रात भी गैंग दिल्ली तक माल को ट्रेन से लाया और फिर ईको गाड़ी में रखकर इसकी सप्लाई करने बरेली जनपद जा रहा था। गिरोह दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान तक अफीम की सप्लाई करता है। आरोपी श्याम बिहारी आठवीं पास है और बरेली के फैजुल्लापुर में जूते-चप्पल की दुकान करता हूं। इसी की आड़ मेंं मादक पदार्थों की तस्करी का भी काम करता था। बरेली के श्याम बिहारी को इस अफीम की सप्लाई उत्तराखंड और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में करनी थी। ईको गाड़ी के ड्राइवर देवेंद्र ने पूछताछ में कई बार अफीम सप्लाई करने की बात कुबूली है। आरोपी पिछले करीब दो सालों से नशीले पदार्थ तस्करी का कारोबार कर रहे है।















