गाजियाबाद के होटल में बाथरुम करने गए विदेशी बच्चे के साथ कुकर्म का प्रयास

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में 8 साल के विदेशी बच्चे से कुकर्म का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना शादी समारोह के दौरान होटल के बाथरूम में हुई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑस्ट्रेलिया का एक परिवार दिल्ली के छतरपुर में अपने जानकार के घर पर आकर ठहरा हुआ था। इसके बाद ये परिवार गुरुवार मसूरी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में आया, जहां शादी समारोह था। परिवार का आठ साल का बच्चा टॉयलेट करने के लिए बाथरूम में गया। जहां एक व्यक्ति ने बच्चे को दबोच लिया और कुकर्म करने का प्रयास किया। इतने में बच्चे का पिता वहां पहुंच गये और आरोपी को रंगे हाथों दबोचा लिया। घटना की शिकायत पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु कर दी।

मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद्र पंत ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपी नितेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मेरठ जिले में गंगानगर थाना क्षेत्र का निवासी है। आरोपी एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। विदेशी परिवार के रिश्तेदारों ने मसूरी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि अभी बच्चे का मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका है। रात में ही फैमिली बच्चे को लेकर दिल्ली चली गई थी। उधर, आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वो बच्चे की जिप खोलने का प्रयास कर रहा था।