चुनावी सरगर्मी के बीच पड़ी रेड, कैश बरामद
पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। इस दरम्यान कई लाख रुपए कैश बरामद होने की खबर है। यह रकम गाड़ी के भीतर से बरामद होना बताई गई है। इस संबंध में कुछ नेताओं से पूछताछ की गई है। उधर, कांग्रेस ने भाजपा-जनता दल (यू) गठबंधन पर हमला किया है। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर है। 28 अक्तूबर को पहले चरण का मतदान होना है। सभी प्रमुख दलों ने अपना-अपना घोषणा भी जारी कर दिया है। विधान सभा चुनाव में काली कमाई का इस्तेमाल रोकने को सरकारी एजेंसियां सक्रिय हैं। इस बीच आयकर विभाग की टीम ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में छापा मारा है। वहां एक गाड़ी से कई लाख रुपए कैश बरामद किया गया है। पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर नोटिस भी चस्पा किया है। करीब एक घंटे तक आयकर विभाग ने जांच की कार्रवाई की। ऐसे में बरामद कैश की बावत कुछ नेताओं से पूछताछ की गई है। कुछ नेता आईटी के रडार पर हैं। पिछले कुछ दिन के भीतर कैश के संदिग्ध लेन-देन के सिलसिले में आईटी की टीम इन नेताओं से पूछताछ कर सकती है। आयकर विभाग ने गाड़ी से बरामद रकम की बावत अभी कोई जानकारी नहीं दी है। इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यालय में एकाएक हड़कंप मच गया। उधर, बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने बिहार में जनता दल (यू) और भाजपा गठबंधन की आलोचना की है। उनका कहना है कि यह गठबंधन चुनाव हार रहा है। गोहिल ने दावा किया सदाकत आश्रम से कुछ नहीं मिला है। परिसर के बाहर से किसी गाड़ी में पैसा मिला है। यह कहकर आयकर विभाग की टीम ने नोटिस दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई काला धन नहीं है। काला धन तो भाजपा के पास है।
















