-नारी शक्ति अभियान के तहत प्रदेश से ऑनलाइन जुड़े जिले के सभी थाने
गाजियाबाद। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। उनके साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए यूपी और केंद्र की सरकार पूरी तरह से गंभीर है। यही कारण है कि प्रदेश में नारी शक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। यह बातें शुक्रवार को मेयर आशा शर्मा ने कविनगर थाने में महिला हेल्प डेस्क अभियान के उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी की मौजूदगी में कही। उन्होने कहा सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। महिला संरक्षण के लिए तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, कन्या विद्या धन योजना चलाई जा रही है। इसका लाभ भी महिलाओं को मिल रहा है। महिलाओं के लिए समाज में बराबरी का दर्जा हासिल करते हुए आगे बढऩे का मौका है। इसमें कदापि न चूकें। बताया कि शासन महिलाओं के पोषण को लेकर काफी गंभीर है। महिला व बाल विकास के साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी महिलाओं के पोषण के लिए अभियान चला रहा है।
उन्हें खान-पान के प्रति जागरूक किया जा रहा। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराने की सलाह भी दी जा रही है। महिलाएं अथवा बालिकाएं किसी भी संकट में हों तो तत्काल 1098 और 181 पर फोन करें त्वरित मदद मिलेगी। महिलाएं घर-गृहस्थी के साथ ही नौकरी, रोजगार में भी अपना लोहा मनवा रही हैं। यह सराहनीय कदम है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने कहा कि आज से जिले के सभी थाने प्रदेश से ऑनलाइन जुड़ गए हैं। जिसके चलते पूर्व में थानों में चल रही महिला डेक्स को और अधिक मजबूत करने के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है। जिस पर महिला अपने साथ होने वाली घटित घटना की सूचना हर थाने में बने नारी शक्ति रूम में दे सकती है। सूचना के तत्काल बाद पुलिस द्वारा उस पर एक्शन लिया जाएगा।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस वैसे तो महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। इसके बाद भी नारी शक्ति अभियान के शुरू होने से और मजबूती मिलेगी तथा घटित घटना का खुलासा जल्द से जल्द किया जाएगा। इसके साथ ही घटना में शामिल आरोपियों को उनकी सही जगह जेल पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिए कड़े आदेश नारी शक्ति अभियान की शुरुआत होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी आला अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेेसिंग के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले अपराधों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए कड़े आदेश दिए। सीएम ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में न बख्शा जाए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। जिससे महिलाओं के साथ कुछ भी करने से पहले वह 100 बार सोचें।















