गाजियाबाद। शहर में अवैध तरीके से लगे होर्डिंग व पोस्टर शहर की खूबसूरती बिगाड़ रहे हैं। ऐसा कोई चौक-चौराहा नहीं, जहां अवैध होर्डिंग्स की भरमार न हो। अवैध रूप से विज्ञापन कर सार्वजनिक संपत्तियों को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ नगर निगम सख्त हो गया है। नगर निगम के पांचो जोन में मंगलवार को अवैध विज्ञापन के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की गई। जिसमें छोटे व बड़े सभी 450 विज्ञापन पट हटाए गए। विज्ञापन प्रभारी पल्लवी सिंह ने बताया नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार रोस्टर के क्रम में अभियान चल रहा है। मोहन नगर जोन के अंतर्गत अप्सरा बॉर्डर पर रूफटॉप हटाया गया। साथ ही मोहन नगर से लेकर हिंडन एयर फोर्स तक और हैंडल एयर फोर्स से गगन विहार तक लगे अवैध रूप से विज्ञापनों को हटाया गया। आसपास के क्षेत्र में भी अवैध रूप से लगे विज्ञापन होर्डिंग को हटाने की कार्यवाही की गई है।
जोनल प्रभारी भी कार्यवाही में सहयोग कर रहे हैं लगातार अवैध विज्ञापन के विरुद्ध कार्यवाही जारी है। निगम की सीमा में विज्ञापन बोर्ड या होर्डिंग लगाने के लिए नगर पालिका से अनुमति लेनी पड़ती है। आवेदक को विज्ञापन लगाने के लिए निगम को पत्र लिखकर पूरी प्रक्रिया पूर्ण करनी होती है। अनुमति मिलने के बाद ही कोई विज्ञापन बोर्ड या होर्डिंग शहर में लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। साथ ही अवैध रुप से विज्ञापन करने वाली कंपनियों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में अवैध विज्ञापन पर निरंतर कार्यवाही कर रहा है। साथ ही अवैध विज्ञापन करने वालों की विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के लिए चेतावनी भी दी गई है। शहर के अन्य क्षेत्र जहां भी अवैध विज्ञापन की पुष्टि होती है वहां पर तेजी से अभियान चलाया जा रहा है।

















