2210 अधिवक्ता आज करेगें अपने मत का प्रयोग: विजय गौड
गाजियाबाद। कोरोना वायरस के बीच चुनावों को लेकर वकीलों में खासा उत्साह है। सारे प्रत्याशी अपने-अपने साथियों के साथ सुबह ही जुट गए हैं। कोरोना वायरस के चलते एसोसिएशन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। बिना मास्क वोट डालने की अनुमति नहीं होगी और जगह जगह पर सैनिटाइजर पड़े रहेंगे। इसके अलावा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए भी कहा गया है। प्रत्याशी जीत हार का गुणा भाग करने में लगे हुए हैं। जीत का सेहरा किस किसके सिर बंधेगा, यह तो आने वाला आज ही बताएगा। बार एसोसिएशन 2020-21 के लिए चुनाव इस बार कोरोना के संक्रमण काल में हो रहे हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं द्वारा किए जाने वाले मतदान के नियम भी बदल गए हैं। चुनाव अधिकारी एवं सचिव विजय गौड़ ने बताया कि बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार कोविड-19 के नियमों का सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा। कोई भी अधिवक्ता बिना मास्क के इस बार अपने मत का प्रयोग नहीं कर पाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार नई कार्यकारिणी चुनने के लिए कुल 2210 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आज यानि शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के लिए खास इंतजाम कराए जाएंगे। इसके लिए बाकायदा बैरिकेटिंग कचहरी परिसर में कराई जाएगी। मतदान करने के लिए पहुंचने वाले अधिवक्ताओं के लिए सेनेटाइजर का इंतजाम होगा। सुबह 8 बजे मतदान शुरू होकर शाम 5 बजे समाप्त होगा। उसके बाद थोड़ी देर के लंच ब्रेक के बाद मतगणना शुरू होगी। देर रात सभी पदों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मतदान को लेकर तैयारी पूर्ण हो गई है। इस बार अध्यक्ष पद पर तीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चार, सचिव पद पर पांच, कोषाध्यक्ष पर पर तीन, कनिष्क उपाध्यक्ष पद पर पांच, सह सचिव पद पर तीन और सह सचिव पुस्तकालय पद पर दो अधिवक्ता मैदान में हैं।















