विस की सभी 8 सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी
अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा के लिए मंगलवार का दिन मंगलकारी रहा। विधान सभा उप-चुनाव में भाजपा ने क्लीन स्वीप कर डाला। सभी 8 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज कर कांग्रेस को जोर का झटका दिया। कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। इसके बाद गुजरात में भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया। पराजित विपक्ष पर ताने भी मारे गए। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कांग्रेस को डूबता जहाज बता डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमजन के साथ अपना जुड़ाव खो चुकी है। उप-चुनाव में मिली शानदार जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा कि गुजरात भाजपा का गढ़ है और रहेगा। दरअसल कांग्रेस के 8 विधायकों ने इस्तीफे दे दिया था। इसके बाद यह उप-चुनाव कराने की नौबत आन पड़ी। भाजपा ने इस्तीफा दे चुके कांग्रेस के 8 में से 5 विधायकों को संबंधित विधान सभा सीट से टिकट दिया। ऐसे में चुनाव बेहद रोमांचक बन गया। सरकार विधान सभा में एक कंफर्ट बहुमत बनाने की कोशिश में लगी रही। जबकि कांग्रेस ने खोई हुई 8 सीटों को दोबारा से पाने के लिए चाल खेली। भाजपा को मात देने के लिए कांग्रेस ने भी कमर कस ली थी। चुनाव में इस बार कांग्रेस एक नारा लेकर आई गांडो चालशे, मगर गद्दार नहीं। यानी पागल चलेगा मगर गद्दार नहीं। भाजपा से चुनाव मैदान में उतरे पुराने कांग्रेसी विधायकों को कांग्रेस ने भरी सभाओ में गद्दार शब्दों से नवाजना शुरू किया, मगर हर चुनाव की भांति इस बार भी मतदाता खामोश थे। कोरोना काल उसमें भी लॉक डाउन, बिगड़ते आर्थिक माहौल से मतदाता थोड़ा परेशान था। इन स्थितियों में मतदाता नकारात्मक प्रचार से दूरी बनाता दिखा। गुजरात में विधान सभा के उप-चुनाव में सभी 8 सीटों पर भाजपा की एकतरफा जीत ने कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
















