चेकिंग करने पहुंचे आबकारी अधिकारी को होटल मालिक ने दी अंजाम भुगतने की धमकी

अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए चेकिंग अभियान में ओयो होटल में चलाया चेकिंग अभियान
बिना लाइसेंस के शराब पिलाने की सूचना रात भर आबकारी विभाग की टीम ने की होटलों में छापेमारी

गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराने वाले बार, रेस्टोरेंट, ढाबा और होटल संचालकों पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने मुहिम और तेज कर दी है। दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की शराब को अवैध तरीके से गाजियाबाद में आने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे डासना, दुहाई चेक पोस्ट, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर सघन चेकिंग के अलावा मुखबिर तंत्र को काफी सक्रिय किया गया है। इसके अलावा मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी की कार्यवाही चल रही है। बाहरी राज्यों की सस्ती शराब को चोरी-छिपे बेचकर माफिया हमेशा मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में रहते हैं। जिसमें माफिया ज्यादातर बिहार में सप्लाई के लिए अपनी रणनीति तैयार करते है। क्योंकि बिहार में शराब पर रोक लगने के बाद से तस्करी और मुनाफाखोरी की प्रवृत्ति में वृद्धि हुई है।

यूपी में बाहरी राज्यों की शराब तस्करी सिर्फ दिखावे के लिए ही करते है। उनका टारगेट तो सिर्फ बिहार में शराब सप्लाई करना होता है। जिसके लिए माफिया हर उस योजना पर काम करते है, जिसमें वह सफल हो सकें। मगर गाजियाबाद से होकर बिहार में शराब तस्करी करना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसी क्रम में शनिवार रात को जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने अपनी टीम के साथ खुद जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ओयो होटल समेत अन्य होटलों की चेकिंग की। चेकिंग का उद्देश्य इस तथ्य की पुष्टि करना था कि कहीं बिना लाइसेंस के होटलों में शराब का सेवन तो नहीं कराया जा रहा है। मगर इस दौरान आबकारी अधिकारी जब एक ओयो होटल में चेकिंग करने पहुंचे तो वहां के संचालक ने होटल की चेकिंग करने का विरोध करने लगा और अधिकारी को अंजाम भुगतने की धमकी तक दे डाली। दरअसल आबकारी विभाग को सूचना मिल रही थी कि देर रात ओयो होटलों में बिना लाइसेंस के शराब पार्टी होती है। मगर उसका मालिक होटल चलाने के साथ-साथ तथाकथित पत्रकार भी है। जो होटल के नीचे खुली लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर ऊपर होटल में शराब का सेवन कराता है। मगर आबकारी विभाग की चेकिंग के दौरान किसी भी तरह की गतिविधियां नहीं पाई गई।

लेकिन होटल मालिक ने अपनी पावर को दिखाते हुए आबकारी अधिकारी को आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल से अच्छे संबंध होने की बात कहकर अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। आबकारी अधिकारी ने होटल मालिक को स्पष्ट कर दिया कि अगर बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी। अगर भविष्य में अवैध रुप से शराब का सेवन कराया गया तो उसमें न किसी कि सिफारिश काम आएगी और न ही धमकी चलेगी। आबकारी अधिकारी के तेवर को देख होटल मालिक के भी होश उड़ गए और फिर अधिकारी ने अपने इंस्पेक्टरों के साथ होटल के एक-एक कमरे की तलाशी ली। सूत्रों का कहना है कि होटल मालिक ने पूर्व में भी आबकारी निरीक्षकों पर अपना दबाव बनाने का प्रयास किया, मगर आबकारी निरीक्षकों की सख्ती के चलते उसकी एक न चली।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार छापेमारी एवं चेकिंग की जा रही है। शनिवार देर रात को आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा, हिम्मत सिंह के साथ विजय नगर थाना क्षेत्र में संचालित पिंक हार्ट ओयो होटल, राघव रेजिडेंस ओयो होटल, जोयोस इन ओयो होटल, होटल सिटी प्राइड इन और एंजेल्स मॉल में छापेमारी की गई। सभी होटल में चेकिंग के दौरान जब टीम के साथ पिंक हार्ट ओयो होटल की चेकिंग करने पहुंचे तो वहां मौके पर होटल मालिक घनश्याम ने इसका विरोध किया और चेकिंग करने की अनुमति मांगने लगा। जबकि आबकारी विभाग के अधिकार में चेकिंग करने का नियम है। जहां भी अवैध रुप से शराब पिलाने और पार्टी करने की आशंका होती है, वहां आबकारी विभाग की टीम अपने कार्यक्षेत्र में चेकिंग कर सकती है।

उसके बाद जब टीम होटल के कमरे की तलाशी लेने लगी तो होटल मालिक ने आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल से अपनी पहचान होने की बात कहीं और अंजाम भुगतने की धमकी दी। आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट रुप से चेतावनी दी कि रात में होटलों में अवैध रुप से शराब मिलने के कारण यह चेकिंग की गई है, यह चेकिंग सिर्फ आपके होटल पर ही नही हुई है। अपितु अन्य संदिग्ध होटल पर भी चेकिंग की जा रही है। बात रही मंत्री जी से पहचान होने की तो यह सब अपने तक ही रखिये, अगर अवैध रुप से होटल में शराब पिलाते हुए पाए गए तो सभी पहचान और संबंध धरे के धरे रह जाएंगे। जिला आबकारी अधिकारी के तेवर को देख होटल मालिक बैकफुट पर आ गया और माफी मांगने लगा। जिला आबकारी अधिकारी ने जनपद के सभी होटल मालिक, बार, रेस्टोरेंट व ढाबा संचालकों को स्पष्ट रुप से चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराने पर जेल भेजा जाएगा। नियमानुसार काम करें नहीं तो फिर अंजाम भुगतने के लिए भी तैयार रहें।