-चेतावनी के बाद भी नहीं चेता ढाबा मालिक, आबकारी विभाग की दबिश में खुली पोल
गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ आबकारी विभाग अपने राजस्व को बढ़ाने की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। आबकारी विभाग राजस्व को चूना लगाने वाले ढाबा व रेस्टोरेंट मालिकों पर कार्रवाई करने से नहीं चूक रहा है। जिले के मुख्य मार्गों पर स्थित होटल और ढाबों पर शराब धड़ल्ले से प्रयोग होती है। आबकारी विभाग से लाइसेंस लिए बिना ही पैसे कमाने के चक्कर में होटल और ढाबा संचालक लोगों को यहां बैठाकर शराब पिलाते हैं। आबकारी नीति के अनुसार सीजनल व ऑकेजनल आबकारी लाइसेंस का रजिस्ट्रेशन व फीस तय है। जिसमें साफ चेतावनी भी दी गई है कि बिना ऑकेजनल या सीजनल आबकारी लाइसेंस के शराब परोसते मिले कार्रवाई की जाएगी। इसमें नीति के अनुसार एक साल की जेल व मौके पर ही तय एक्साइज ड्यूटी के अनुसार जुर्माने की राशि वसूल जाएगी। आबकारी विभाग की टीम ने ऐसे ही एक ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। जो बिना लाइसेंस के शराब ढाबे पर ग्राहकों को शराब पिलाने की व्यवस्था उपलब्ध कराता था, साथ ही बाहरी राज्यों की शराब भी बेचता था। आबकारी विभाग द्वारा पूर्व में कई बार चेतावनी भी दी गई।
मगर आबकारी विभाग की चेतावनी को धता बताकर ढाबा मालिक अवैध रूप से शराब पिलाने के साथ शराब भी बेच रहा था। आबकारी विभाग की टीम ने जैसे ही ढाबे पर दबिश दी तो ढाबा मालिक भी अपनी पहुंच का दुरुपयोग करने लगा। इस बीच ढाबा मालिक ने अपने संबंधों का दुरुपयोग करते हुए आबकारी निरीक्षक को घेरने का प्रयास किया, मगर आबकारी विभाग की टीम ने बिना किसी दबाव में आकर ढाबा मालिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया। आबकारी विभाग की टीम ने अपनी इस कार्रवाई से यह तो स्पष्ट कर दिया कि अगर कोई भी गलत कार्य करेगा तो उसमें न सिफारिश काम आएगी और न ही धौंस का कोई असर होगा। आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों पर कार्रवाई के साथ-साथ बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले बार, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों पर भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जिसके लिए दिन रात कार्रवाई के बीच ढाबों की भी चेकिंग तेज कर दी है। आबकारी विभाग की टीम ने ढाबा मालिक को गिरफ्तार करते हुए दिल्ली मार्का शराब बरामद किया है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री की रोकथाम के लिए जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार रात को आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा की टीम द्वारा थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर चेकिंग एवं दबिश दी गई। इस दौरान एक ढाबे पर अवैध रूप से देर रात शराब का सेवन करते हुए पाया गया। जैसे ही आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो शराब पी रहे लोग वहां से फरार हो गए। जब ढाबा मालिक अवधेश पुत्र मोरपाल निवासी जयपुरिया अपार्टमेंट, शाहबेरी से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो दिखा नहीं पाया।
ढाबे की तलाशी के दौरान मौके से टीम द्वारा चार पव्वे 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक ब्रांड दिल्ली मार्का और 7 बोतल टूबर्ग स्ट्रॉन्ग बीयर हरियाणा मार्का का बरामद किया गया। जिसके खिलाफ थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में आबकारी एवं रेस्टोरेंट अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया उक्त ढाबा मालिक को पूर्व में भी चेतावनी दी गई थी कि बिना लाइसेंस के होटल पर किसी को शराब न पिलाए, मगर उसके बाद भी वह लगातार अवैध रूप से शराब पिलाने का काम कर रहा था। साथ ही बाहरी राज्यों की शराब भी बेच रहा था। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
















