वृहद वृक्षारोपण अभियान में सभी विभाग निभाए अपनी जिम्मेदारी: अभिनव गोपाल

-सीडीओ ने 20 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण की तैयारियां को लेकर की बैठक

गाजियाबाद। 20 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मंगलवार को विकास भवन दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। समीक्षा बैठक में जीडी, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग, उद्योग विभाग, सिंचाई विभाग एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रभागीय निदेशक द्वारा सभी विभागों को बताया गया कि 20 जुलाई के दिन सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में इस बार 25 करोड़ पौधों का वृक्षारोपण किया जाना है। उक्त तिथि को वृक्षारोपण को एक वृहद कार्यक्रम के रूप में मनाने के लिए सभी जिले में होने कार्यक्रमों की एक रूप रेखा जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में तैयार की जानी है। इस रूपरेखा को तैयार करने के लिए प्रत्येक विभाग से उनके द्वारा विभिन्न स्थलों पर कराये जा रहे वृक्षारोपणों की जानकारी ली गई एवं जो स्थल जिनमें उनके द्वारा बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया जा रहा है, उन स्थलों के बारे में चर्चा की गई।

आगामी दो दिवस में ऐसे सभी स्थलों की सूची तैयार करके प्रभागीय निदेशक के कार्यालय में उपलब्ध करा दें। ताकि वन विभाग की टीम के द्वारा उन स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया जा सकें। बैठक में भोजपुर, मुरादनगर, लोनी एवं रजापुर ब्लॉक से एफपीओ भी उपस्थित रहे। एफपीओ द्वारा उनके क्षेत्र में चयनित स्थल पर वृक्षारोपण के लिए जानकारी दी गई। साथ ही लोनी में बेहटा नहर के दोनों ओर भी लोनी एवं रजापुर के एफपीओ द्वारा वृक्षारोपण कराने की इच्छा प्रकट की गई। उक्त पर प्रभागीय निदेशक ने उन्हें अवगत कराया कि सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्राप्त कर वह नहर किनारे भी वृक्षारोपण कर सकते है।

अंत में सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे जहां पर भी वृक्षारोपण करें उनकी ज्यादा से ज्यादा सुरक्षा का प्रयास भी करें और जिन विभागों द्वारा रोड के किनारे, नहर के किनारे आदि वृक्षारोपण किया जा रहा है वे सीएसआर के माध्यम से उन पौधों की ट्रीगार्ड के माध्यम से सुरक्षा दिया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी से भी ग्रामीण क्षेत्रों में कराये जा रहे वृक्षारोपण के संबंध में विस्तृत चर्चा की और उन्हें निर्देशित किया कि वे प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कार्य कराना सुनिश्चित करें।