रामेश्वर पार्क में 15 हजार वर्ग मीटर में बन रही 2 अवैध कॉलोनी को जीडीए ने किया ध्वस्त

गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों एवं स्वीकृत नक्शे से अधिक अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अवैध कॉलोनी एवं अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के सख्त आदेश के तहत लोनी क्षेत्र में मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने सहायक अभियंता विनोद कुमार, अवर अभियंता राजेंद्र सिंह व जीडीए पुलिस की मौजूदगी में लोनी क्षेत्र में गढ़ी कटैया रामेश्वर पार्क एक्सटेंशन के पास खसरा संख्या-209 व 210 में लगभग 10 हजार

वर्गमीटर क्षेत्रफल में इरफान, कोकब मास्टर और 5000 वर्गमीटर में जावेद द्वारा लगभग 15 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क आदि को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा एसएलएफ वेद विहार लोनी में भूखंड संख्या बी-92 में अली जान और डीएलएफ अंकुर विहार लोनी में भूखंड संख्या सी-1/50 में विकास पारासर, अंकुर विहार भूखंड संख्या सी-10/13 में सुनीता जिंदल,भूखंड संख्या सी-1/42 में दिनेश सिंह द्वारा जीडीए से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अवैध रूप से किए गए निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा से अवैध निर्माण शुरू किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।