पानी के पाउच में बेच रहा था कच्ची शराब

-आबकारी विभाग की टीम ने दबोचा शराब तस्कर, कच्ची शराब बरामद

गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर देहात क्षेत्र में अवैध रुप से शराब तस्करी करता था। कच्ची शराब के निर्माण का कार्य धंधेबाज पहले आबादी वाले क्षेत्र में करते थे। मगर जागरूकता बढ़ी तो लोगों ने इसका पुरजोर विरोध किया। ऐसे में धंधेबाजों ने कच्ची शराब के निर्माण का पैटर्न बदल दिया। अब वह आबादी से दूर नदी के तटीय क्षेत्रों व जंगलों में भट्टियां धधका रहे हैं। देहात क्षेत्र में होने वाले कच्ची शराब के धंधे का आबकारी विभाग की टीम कई बार भंडाफोड़ कर चुकी है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद भी बेखौफ होकर अवैध रुप से कच्ची शराब का निर्माण करने से तस्कर बाज नही आ रहे है। कच्ची शराब तैयार का आसपास के क्षेत्र में पहुंचाने का सिलसिला फिर से शुरु हो गया है। हिंडन खादर क्षेत्र में शराब माफिया निरंतर अवैध शराब बनाने का प्रयास करते है। चूंकि अवैध शराब के निर्माण में खर्चा कम और बिक्री से मोटा मुनाफा होता है। इसलिए इस शराब का निर्माण हो रहा है। इसलिए इस शराब का निर्माण हो रहा है।

इसके लिए जरूरी सामान जुटाकर भट्टियां धधका दी जाती हैं, लेकिन सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर आरोपियों के इरादों पर पानी फेरने से भी नही चूक रही है। आबकारी निरीक्षक न सिर्फ शराब तस्करों को खदेड़ डालते हैं बल्कि धधकती भट्टियों को भी तहस-नहस कर देते हैं। कच्ची शराब की बरामदगी व शराब माफियाओं के खिलाफ आबकारी टीम ने वर्तमान में बड़ा अभियान चलाया है। पकड़ा गया तस्कर उक्त कच्ची शराब को ग्रामीण क्षेत्रों में 30 से 40 रुपये में प्रति पाउच की बिक्री करता था। पन्नी के पाउच में कच्ची शराब को भर लेता था और उसे प्लास्टिक के कट्टे में भरकर चोरी-छिपे आसपास के क्षेत्र में बेचता था। दूर से देखने पर यह पाउच भी पानी की तरह लगता था, जिस कारण पुलिस की नजरों से तस्कर बच निकलता था। क्योंकि चेकिंग के दौरान पुलिस को पानी का पाउच बताते थे। नीचे कच्ची शराब से भरे पाउच और ऊपर पानी के पाउच रखते थे। आबकारी विभाग की टीम ने बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की घटना पर रोक लगाने के बाद अब देहात क्षेत्र में होने वाले कच्ची शराब के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अपना एक्शन प्लान तैयार कर लिया है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम द्वारा थाना टीला मोड़ एवं लोनी अंतर्गत रिस्तल, भूपखेड़ी, महमूदपुर आदि स्थानों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान ग्राम भूपखेड़ी से एक व्यक्ति अवैध रुप से शराब तस्करी करता हुआ पकड़ा गया। जब तस्कर से पूछताछ की गई तो उसके कब्जे से प्लास्टिक के 65 पाउच में कुल 11.7 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर की पहचान आनंद पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम भूपखेड़ी लोनी के रुप में हुई। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र में अवैध रुप से शराब तस्करी का काम कर रहा था। उक्त शराब के पाउच को 30 से 40 रुपये में देहात क्षेत्र के लोगों को बेचता था। देहात क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात अपने कर्तव्यों को बखूबी अंजाम दे रही है। जिसके परिणाम भी सकारात्मक आ रहे है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।