-निगम के सभी 100 वार्डों में होंगे 1-1 करोड़ के विकास कार्य: सुनीता दयाल
गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल ने स्वतंत्रता दिवस पर पार्षदों को बड़ी सौगात देते हुए नगर निगम के सभी 100 वार्डों में 1-1 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की है। महापौर ने कहा कि इंदिरापुरम क्षेत्र के सभी वार्डों में भी निर्माण कार्य होंगे। लोकसभा चुनाव के दौरान नगर निगम सदन की बैठक नहीं होने के चलते पार्षद अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों को लेकर बहुत चिंतित दिख रहे थे। महापौर ने पार्षदों की परेशानी को देखते हुए शहर के सभी 100 वार्डों में नगर निगम द्वारा 1-1 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दे दी हैं। महापौर ने बताया कि सभी पार्षदों को सूचना भेज दी गई है। पार्षद अपने 50-50 लाख रुपए के विकास कार्यों के पत्र पर मेरी संस्तुति के साथ पत्रावली तैयार करा लें। जिससे कि टेंडर प्रक्रिया जल्द हो सकें। इसके साथ ही बाकी के 50-50 लाख रुपए के विकास कार्यों की भी पत्रावली तैयार करा लें।
यह 1-1 करोड़ रुपए के विकास कार्य दो चरण में पूरा कराए जाएंगे। इन विकास कार्यों की समय में सभी कार्य निविदा में लग सके और नगर निगम के किसी अधिकारी पर अचानक दबाव न होने पाए। महापौर ने पार्षदों द्वारा जल्द विकास कार्य शुरू कराए जाने की भावना को देखते हुए विकास कार्यों की संस्तुति प्रदान की है। इसके साथ ही महापौर ने कहा कि इंदिरापुरम क्षेत्र के पार्षदों के क्षेत्र में भी नगर निगम द्वारा विकास कार्य कराए जाएंगे। महापौर ने कहा कि संपूर्ण इंदिरापुरम क्षेत्र को प्रशासन एवं विकास कार्य कराने के लिए जीडीए से शीघ्र नगर निगम को हैंडओवर करने जा रहे हैं। ऐसे में इंदिरापुरम क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्य नगर निगम द्वारा ही कराए जाने हैं।
पार्षदों से अनुरोध है कि 50-50 लाख रुपए तक के विकास कार्यों के प्रस्ताव देकर उनकी पत्रावली तत्काल बनवा लें। जिससे टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सकें। इसके अतिरिक्त बाकी 50-50 लाख के रुपए के विकास कार्यों को भी सूचीबद्ध कर पत्रावली तैयार करा लें। महापौर ने बताया कि हम सभी जनप्रतिनिधि क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए ही चुने गए हैं। इसलिए हम सभी का कर्तव्य ही नहीं बल्कि दायित्व भी है। जनता को सुविधा प्रदान करें,हम सभी विकास कार्यों की सौगात देकर किसी पर एहसान नहीं कर रहे हैं। यह जनता का अधिकार है, जिस पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है।
















